March 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

विश्व किडनी दिवस पर एनकेएच में जागरूकता कार्यक्रम, डायलिसिस मरीजों को दिया गया स्वास्थ्य और जीवनशैली का महत्वपूर्ण संदेश

 

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किडनी रोग से बचाव के उपाय बताए, मरीजों का किया उत्साहवर्धन; संतुलित आहार, नियमित जांच और सकारात्मक सोच पर दिया जोर

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**कोरबा विश्व किडनी दिवस के अवसर पर कोरबा स्थित New Korba Hospital (एनकेएच) में डायलिसिस मरीजों के लिए विशेष जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डायलिसिस मरीजों और उनके परिजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किडनी रोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, मरीजों को सही मार्गदर्शन प्रदान करना तथा लंबे समय से उपचार करा रहे मरीजों का उत्साहवर्धन करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि आज के समय में शुगर (मधुमेह) और ब्लड प्रेशर (बीपी) को नियंत्रित नहीं रखने से किडनी खराब होने का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना, डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेना और संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर एमडी मेडिसिन डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. सी. भास्कर, मनोचिकित्सक डॉ. रजनी वर्मा, क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. सुदीप्ति साहा तथा डाइटिशियन रिया दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी विशेषज्ञों ने मरीजों को नियमित डायलिसिस, संतुलित आहार, दवाइयों का समय पर सेवन तथा संक्रमण से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों और उनके परिजनों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं डॉक्टरों के सामने रखीं। विशेषज्ञों ने धैर्यपूर्वक सभी सवालों के जवाब देते हुए मरीजों को सही जीवनशैली अपनाने, इलाज में लापरवाही न बरतने और नियमित चिकित्सा परामर्श लेते रहने की सलाह दी।
मनोचिकित्सक डॉ. रजनी वर्मा ने डायलिसिस मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जानकारी देते हुए कहा कि लंबे समय तक चलने वाले उपचार के कारण कई बार मरीज तनाव और चिंता का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में सकारात्मक सोच, परिवार का सहयोग और समय-समय पर मानसिक परामर्श बेहद महत्वपूर्ण होता है।
वहीं डाइटिशियन रिया दुबे ने किडनी मरीजों के लिए सही खान-पान और परहेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और सही डाइट प्लान अपनाकर मरीज अपनी स्थिति को काफी हद तक बेहतर बना सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान कई डायलिसिस मरीजों ने अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे अन्य मरीजों को प्रेरणा और आत्मविश्वास मिला।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि किडनी रोग से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और शुगर व ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखें।
कार्यक्रम के अंत में सभी मरीजों और उनके परिजनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित चिकित्सा जांच कराने और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने का संदेश दिया गया। यह जागरूकता कार्यक्रम मरीजों के लिए जानकारी, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.