March 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

दंतेवाड़ा के संतु राम अतरा बने भारतीय थल सेना के अग्निवीर, एनसीसी से मिली देशसेवा की प्रेरणा

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा ****/ शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के एनसीसी छात्र श्री संतु राम अतरा, पिता श्री जगतू राम अतरा, ग्राम मसेनार, जिला दंतेवाड़ा निवासी ने भारतीय थल सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर पूरे बस्तर संभाग सहित दंतेवाड़ा जिले का नाम गौरवांवित किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय, ग्राम मसेनार और पूरे जिले में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
एनसीसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार लहरी ने जानकारी देते हुए बताया कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सेना में सेवा देने का जज्बा पैदा करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के नियमित प्रशिक्षण, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर ही संतु राम अतरा ने भारतीय थल सेना के अग्निवीर चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एम. प्रसाद ने संतु राम अतरा के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है कि यहां का छात्र देश की सेवा के लिए भारतीय थल सेना में चयनित हुआ है। यह सफलता महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं एनसीसी प्रशिक्षण की उत्कृष्टता को दर्शाती है।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
संतु राम अतरा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, ग्राम मसेनार, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाइयां देते हुए देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दी हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा
अग्निवीर के रूप में चयनित होकर संतु राम अतरा ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और अनुशासन से कोई भी युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उनकी सफलता निश्चित रूप से दंतेवाड़ा जिले और बस्तर संभाग के युवाओं को सेना में भर्ती होकर देशसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.