“उपकेंद्र रंजना में धान खरीदी की विधिवत शुरुआत, किसानों में उत्साह—समिति ने किए बेहतर प्रबंधन के इंतज़ाम”






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****/ जवाली/रंजना।
समर्थन मूल्य आधारित धान खरीदी वर्ष 2025-26 का शुभारंभ आज आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जवाली के उपार्जन केंद्र रंजना में विधि-विधान से किया गया। परंपरा के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत तौल–बाट पूजा, श्रीफल फोड़कर शुभ संकल्प और किसानों को माल्यार्पण कर सम्मान के साथ की गई। शुभारंभ होते ही केंद्र में किसानों की उपस्थिति उत्साहपूर्ण नजर आई।
अधिकारियों की उपस्थिति एवं व्यवस्था का निरीक्षण
शुभारंभ अवसर पर समिति नोडल अधिकारी अमृता श्रीवास्तव, प्राधिकृत अधिकारी एवं समिति प्रबंधक सुखदेव प्रसाद साहू, कंप्यूटर ऑपरेटर लक्ष्मी प्रसाद निषाद, सहायक ऑपरेटर/लिपिक राजकुमारी साहू, सूर्या, सरपंच ममता मरकाम एवं कृषक हितग्राही विनोद कुमार, कौशिक मेडिकल, शिवरतन सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
समिति द्वारा किसानों को टोकन व्यवस्था, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, और खरीदी प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य
इस वर्ष छत्तीसगढ़ शासन ने धान का समर्थन मूल्य इस प्रकार निर्धारित किया है—
सामान्य धान : ₹2369 प्रति क्विंटल
ग्रेड-ए धान : ₹2389 प्रति क्विंटल
धान का उपार्जन बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण के आधार पर किया जाएगा।
टोकन व्यवस्था में बड़े बदलाव
लघु एवं सीमांत कृषक: अधिकतम 02 टोकन
दीर्घ कृषक: अधिकतम 03 टोकन (निरस्त टोकन भी शामिल)
टोकन के लिए खसरा, ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड अनिवार्य होंगे।
“किसान टोकन—तुंहर हाथ” अभियान के तहत कृषकों को स्वयं टोकन लेने के लिए प्रेरित किया गया।
धान खरीदी अवधि : केवल 50 दिवस
कुल 11 सप्ताह (78 दिन) में से
12 शनिवार
12 रविवार
04 शासकीय अवकाश
को निकालकर इस वर्ष सिर्फ 50 दिनों तक धान खरीदी होगी।

किसानों की कठिनाई न बढ़े, इसलिए समिति ने प्रक्रिया को तेज और सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं।
गुणवत्ता और नमी परीक्षण अनिवार्य
शासन ने निर्देशित किया है कि—
धान की नमी की जांच अनिवार्य है।
उपार्जन केंद्र में धान उतारने के बाद ग्रेडिंग की जाएगी।
किसान साफ-सुथरा एवं मानक धान लेकर आएं।
ऋण पुस्तिका व पासबुक किसी अन्य को न दें।
उपकेंद्र में स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रति एकड़ खरीदी सीमा एवं भुगतान व्यवस्था
इस वर्ष प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की सीमा निर्धारित है।
धान खरीदी पूर्ण होने के एक सप्ताह के भीतर राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित कर दी जाएगी।
उपकेंद्र रंजना में खरीदी प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। समिति ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी रहेगी।





