छत्तीसगढ़ में निवेश का स्वर्ण युग: 33 हजार करोड़ के प्रस्ताव, अचीवर अवार्ड और रिकॉर्ड वाहन बिक्री से गूंजा विकास का नया अध्याय — सीए अमित चिमनानी






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास के नए स्वर्ण युग में प्रवेश कर चुका है। अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को 33,321 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और 15 हजार से अधिक रोजगार अवसरों का मिलना प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। साथ ही डीपीआईआईटी से मिला टॉप अचीवर अवार्ड और त्योहारी सीजन में हुई रिकॉर्ड वाहन बिक्री इस बात का प्रमाण है कि राज्य की नीतियाँ धरातल पर वास्तविक परिणाम दे रही हैं।
निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना छत्तीसगढ़
श्री चिमनानी ने एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पारदर्शी और सुविचारित औद्योगिक नीति ने छत्तीसगढ़ को निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना दिया है। राज्य में उद्योग स्थापना अब पहले से कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और त्वरित हो गई है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में प्राप्त प्रस्ताव थर्मल पावर, ग्रीन स्टील, फार्मा, मेडिकल फूड सप्लीमेंट, सोलर सेल और सेमिकंडक्टर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि होगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्राथमिकता से रोजगार
श्री चिमनानी ने बताया कि प्रदेश की नई उद्योग नीति में यह प्रावधान है कि जो भी उद्योग राज्य में स्थापित होंगे, उनमें स्थानीय युवाओं को ही रोजगार देना अनिवार्य होगा। इस नीति से रोजगार का दायरा गांव-गांव तक फैलेगा और पलायन पर भी रोक लगेगी।
अचीवर अवार्ड से बढ़ा गौरव, औद्योगिक प्रगति बनी मिसाल
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि निवेश प्रस्तावों के साथ-साथ डीपीआईआईटी की रैंकिंग में “टॉप अचीवर अवार्ड” का मिलना छत्तीसगढ़ के लिए दोहरी उपलब्धि है। कभी निवेश और औद्योगिक सम्मान केवल सपना था, लेकिन अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दृढ़ नीतियों से वह सपना साकार हो गया है। छत्तीसगढ़ अब कॉपर उत्पादक ही नहीं, बल्कि निर्यातक राज्य के रूप में उभर रहा है।
सुधारों से बढ़ी उद्योग स्थापना की गति
उन्होंने बताया कि बीते 22 महीनों में राज्य सरकार ने 350 से अधिक सुधार लागू किए हैं, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया अब सरल और तेज हो गई है।
सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक अनुमतियाँ त्वरित रूप से जारी की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ कोयला उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है और हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में राज्य को 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
आईटी और पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रगति
चिमनानी ने कहा कि नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की कंपनियाँ निवेश में विशेष रुचि दिखा रही हैं।
राज्य सरकार ने पर्यटन को उद्योग का दर्जा प्रदान किया है, जिससे हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएँ खुली हैं।
त्योहारी सीजन में टूटा रिकॉर्ड, 1.75 लाख वाहन बिके
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि इस बार नवरात्रि से लेकर धनतेरस तक रिकॉर्ड 1 लाख 75 हजार वाहन बिके, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।
पिछले वर्ष जहाँ डेढ़ लाख से भी कम वाहन बिके थे, वहीं इस वर्ष बिक्री ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। अक्टूबर माह में ही सवा लाख से अधिक वाहनों की बिक्री हुई। श्री चिमनानी ने कहा कि इस अभूतपूर्व बिक्री का कारण जीएसटी में कमी और राज्य सरकार की व्यवसाय समर्थक नीतियाँ हैं, जिनसे उपभोक्ताओं का विश्वास और क्रय शक्ति दोनों बढ़ी हैं।
सीए अमित चिमनानी ने कहा कि यह सब केवल संख्याओं का खेल नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के भविष्य की नई इबारत है। विष्णुदेव साय सरकार ने विकास, निवेश और रोजगार — तीनों मोर्चों पर जो कीर्तिमान रचे हैं, वे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को भारत का औद्योगिक पावरहाउस बनाएँगे।





