August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शासकीय दन्तेश्वरी महाविद्यालय दंतेवाड़ा की बेटियों ने वॉलीबॉल मैदान में किया कमाल — सेक्टर स्तरीय महिला प्रतियोगिता में रहा शानदार प्रदर्शन

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा ****/खेल के क्षेत्र में दंतेवाड़ा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा (जिला दक्षिण बस्तर) की महिला वॉलीबॉल टीम ने 29 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित सेक्टर स्तरीय वॉलीबॉल महिला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन स्वयं शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में किया गया था।
प्रतियोगिता के पहले दौर में टीम को बाय मिला, जिससे सीधे सेमीफाइनल राउंड में प्रवेश मिला। सेमीफाइनल में टीम का मुकाबला बस्तर विश्वविद्यालय की यू.टी.डी. टीम से हुआ। दंतेवाड़ा की टीम ने शानदार तालमेल और जबरदस्त जोश का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 25-20, 25-18 के स्कोर से अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में टीम ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीजापुर की मजबूत टीम को हराकर इतिहास रच दिया। निर्णायक मुकाबले में दंतेवाड़ा की बेटियों ने 25-19, 25-16 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टीम की खिलाड़ी दीक्षा पुजारी को पूरे टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (Best Player) का पुरस्कार मिला, वहीं सत्यभामा को उनके शक्तिशाली प्रहारों के लिए बेस्ट स्मैशर (Best Smash) के सम्मान से नवाजा गया।
महाविद्यालय परिवार में इस जीत से हर्ष की लहर दौड़ गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. के. एन. प्रसाद, संगठन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. भारती रजक, प्राध्यापकगण डॉ. शिखा सरकार, डॉ. रत्नाबाला मोहंती, डॉ. अंजलि कश्यप, सहायक प्राध्यापक सुश्री धारणा ठाकुर, डॉ. दिनेश कुमार लहरी, श्री दुष्यंत तारम, श्री सिद्धार्थ देवांगन, श्री बंशीधर चौहान, श्रीमती सरला पैकरा, सुश्री अंजलि मिंज, दल प्रशिक्षक नवलीन वाडा सहित समस्त अतिथि व्याख्याता एवं कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
सभी ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से दंतेवाड़ा की खेल प्रतिभाओं ने यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी भी दृढ़ निश्चय और परिश्रम के आगे मायने नहीं रखती।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.