अन्नदाताओं का सम्मान, समृद्ध राष्ट्र का निर्माण – प्रधानमंत्री मोदी ने दी किसानों को 42,000 करोड़ की सौगातकोरबा में भी हुआ सीधा प्रसारण, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने देखा ऐतिहासिक क्षण






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा (नई दिल्ली) से देश के किसानों को ऐतिहासिक उपहार देते हुए “अन्नदाताओं का सम्मान, समृद्ध राष्ट्र का निर्माण” के विजन के तहत 42,000 करोड़ रुपये की कृषि परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस भव्य अवसर पर प्रधानमंत्री ने ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ एवं ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ किया, जिससे देश में कृषि क्षेत्र आत्मनिर्भरता और समृद्धि की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।








इस योजना के तहत कृषि अवसंरचना कोष, मत्स्य पालन, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण एवं ग्रामीण कृषि उद्योगों से जुड़ी 2100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की रीढ़ किसान हैं, और जब किसान मजबूत होगा, तभी राष्ट्र समृद्ध बनेगा। इस पहल का उद्देश्य किसानों की आय में दोगुना वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देशभर के सभी जिलों में किया गया। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भी कलेक्टर सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम को लाइव देखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुष्मिता अनंत, कलेक्टर अजीत वसंत, सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान भाई-बहन और हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के इस कदम को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि “प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई ये योजनाएँ किसानों के जीवन में आर्थिक समृद्धि लाने का माध्यम बनेंगी। खेती को नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का यह प्रयास कृषि क्रांति का आधार बनेगा।”
वहीं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि “प्रधानमंत्री का किसानों के प्रति समर्पण और कृषि क्षेत्र में नवाचार लाने का यह प्रयास, ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि जिले में भी किसानों को नई योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘अन्नदाता सम्मान’ दृष्टिकोण की सराहना की और कृषि क्षेत्र में नए युग के आगमन की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल किसानों के जीवन में समृद्धि का संदेश लेकर आया, बल्कि भारत को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध हुआ। 🌾





