स्कूल जतन योजना के तहत रोकी गई राशि के भुगतान की मांग — ठेकेदारों ने अनिश्चितकालीन धरना देने की दी चेतावनी






कोरबा।स्कूल जतन योजना के अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्यों की रोकी गई राशि के भुगतान को लेकर ठेकेदारों में नाराज़गी बढ़ गई है। इस संबंध में आर.ई.एस. विभाग के समस्त ठेकेदारों ने कार्यालय कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संघमार्ग कोरबा को एक ज्ञापन सौंपते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को दिए गए इस ज्ञापन में ठेकेदारों ने उल्लेख किया है कि स्कूल जतन योजना निर्माण कार्यों में किए गए कार्यों की भुगतान राशि अब तक लंबित है। इस विषय में ठेकेदारों ने पहले भी माननीय कलेक्टर कोरबा से भेंट कर राशि भुगतान की मांग की थी। कलेक्टर कोरबा द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता को भुगतान संबंधी निर्देश भी दिए गए थे, किंतु कार्यपालन अभियंता के हटने एवं प्रशासनिक कारणों से अब तक भुगतान नहीं हो सका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जब प्रदेश के अन्य जिलों में नगर निगम एवं आदिवासी विकास कार्यालय के माध्यम से भुगतान किया जा चुका है, तब केवल कोरबा जिले में ही ठेकेदारों का भुगतान लंबित है। इस स्थिति में ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी पांच दिनों के भीतर समस्त भुगतान नहीं किया गया, तो आर.ई.एस. विभाग के सभी ठेकेदार अपने परिवारों सहित कार्यालय के समक्ष टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ करेंगे।
ठेकेदारों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान कोई प्रशासनिक या कार्यगत असुविधा उत्पन्न होती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बिलासपुर, मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भी प्रेषित की गई है।





