August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ में विकास की सुनहरी राह — कुतुल से महाराष्ट्र सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से बदलेगा बस्तर का भविष्य : भाजपा प्रवक्ता ठाकुर

1 min read

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा है कि अबूझमाड़ से महाराष्ट्र सीमा तक बन रहा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-130-डी) नक्सल प्रभावित बस्तर अंचल के लिए विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि 152 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन यह सड़क परियोजना धुर नक्सली आतंक के अंधकार में विकास का उजाला बनकर उभरेगी।
प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राजमार्ग बस्तर क्षेत्र को महाराष्ट्र से मजबूत सड़क संपर्क प्रदान करेगा। इसके निर्माण से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में न केवल सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
श्री ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-130-डी का निर्माण चरणबद्ध रूप में किया जा रहा है। कोंडागांव से नारायणपुर तक लगभग 50 किलोमीटर हिस्सा निर्माणाधीन है। नारायणपुर से कुतुल तक 50 किमी और वहां से महाराष्ट्र सीमा के नीलांगुर तक 21.5 किमी सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस राजमार्ग की कुल लंबाई लगभग 195 किमी है, जिसमें से करीब 122 किमी का हिस्सा छत्तीसगढ़ राज्य के अंतर्गत आता है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना बस्तर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सड़क के माध्यम से अबूझमाड़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन की संभावनाएं साकार होंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में शांति एवं स्थायित्व स्थापित होगा।
भाजपा प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनका लाभ अब छत्तीसगढ़ के सबसे दुर्गम इलाकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि अबूझमाड़ जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ें और वहां के लोगों का जीवन स्तर तेजी से सुधरे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.