February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान से जुड़ेगा जन-जन, छत्तीसगढ़ बनेगा अग्रणी राज्य : विधायक चैतराम अटामी मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर भारत अग्रसर

बीजापुर/दंतेवाड़ा।अटल सदन भाजपा कार्यालय बीजापुर में आज आयोजित प्रेस वार्ता में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी क्रांति, आयकर में राहत और कर कानूनों के सरलीकरण जैसे ऐतिहासिक कदम उठाकर “विकसित भारत” की दिशा में ठोस आधार तैयार किया है। मोदी जी का उद्देश्य 150 करोड़ देशवासियों के जीवन को आसान बनाना और भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाना है।
अटामी ने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान प्रधानमंत्री जी द्वारा दिया गया ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मंत्र सिर्फ एक आर्थिक संकल्प नहीं बल्कि देशभक्ति की भावना का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा संगठन ने इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” की शुरुआत की है, जो 25 सितंबर (पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर (भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक चलेगा।
इस अभियान के तहत ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को साकार करने के लिए आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन, रथ यात्रा, प्रदर्शनी, और स्वदेशी मेले जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को घर-घर तक पहुँचाना है।
विधायक अटामी ने बताया कि बीते दशक में मोदी सरकार के नेतृत्व में रक्षा, अंतरिक्ष, और औद्योगिक क्षेत्र में भारत ने आत्मनिर्भरता की नई मिसालें कायम की हैं। उन्होंने कहा कि जहां 2014 से पहले भारत रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भर था, वहीं अब देश रक्षा निर्यातक के रूप में स्थापित हो चुका है।
उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2014-15 में 1,941 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 23,622 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है।
अटामी ने कहा कि भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जिसमें 17 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है और 100 से अधिक यूनिकॉर्न कंपनियां आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में उभरी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में चल रहे आर्थिक और नीतिगत सुधारों का सबसे अधिक लाभ गरीब, किसान, महिलाएं और मध्यम वर्ग को मिला है। जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद व्यापारियों में उत्साह देखा जा रहा है और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प मजबूत हुआ है।
विधायक अटामी ने कहा कि वर्तमान में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इस दशक के अंत तक तीसरे स्थान पर पहुँचने की राह पर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी आत्मनिर्भरता को नई ऊँचाई देने का लक्ष्य तय किया गया है — प्रदेश का जीएसडीपी पाँच वर्ष में दुगना कर 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचाने की योजना पर कार्य जारी है।
अटामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, हस्तशिल्प और प्राकृतिक संसाधन आत्मनिर्भरता की दिशा में मिसाल हैं।
उन्होंने बताया कि बस्तर की लोक कला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी, और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित हर्बल उत्पाद अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
डोकरा कला, टेराकोटा शिल्प और जैविक खेती को बढ़ावा देकर प्रदेश के कारीगरों और किसानों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों से आह्वान किया है कि —
“हर भारतीय गर्व से कहे — मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, मैं स्वदेशी बेचता हूँ।”
अटामी ने पत्रकारों के माध्यम से प्रदेशवासियों से अपील की कि नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और आगामी त्योहारों पर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा — “स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम भी है।”
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक राव, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फूलचंद गागड़ा, हरिहर साहनी, कलमु राजू और हितेश साहनी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.