कांग्रेस नेताओं की अपराधों में संलिप्तता उजागर — डॉ. नवीन मार्कण्डेय का कांग्रेस पर तीखा प्रहार
1 min read



रायपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा है कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों की भूमिका गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाथ अब जनता के साथ नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के भीतर पनप रहे अपराधियों के साथ नज़र आ रहा है। जांजगीर में श्याम सुपर मार्केट डकैती प्रकरण में एनएसयूआई नगर अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस की दोहरी राजनीति और अपराधियों को संरक्षण देने की प्रवृत्ति एक बार फिर उजागर हुई है।
डॉ. मार्कण्डेय ने सोमवार को रायपुर स्थित एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जिस तरह डकैती की साजिश में एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष जितेन्द्र दिनकर की गिरफ्तारी हुई है और जिन हथियारों की बरामदगी हुई है, वह स्थानीय कांग्रेस विधायक के घर से मिले हैं, उससे कांग्रेस की अपराधी तंत्र से नज़दीकी पूरी तरह सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता की सेवा के रास्ते से भटक चुकी है और अपराधियों को संरक्षण देकर राजनीति का अपराधीकरण तथा अपराध का राजनीतिकरण कर रही है।
🔴 “कांग्रेस का हाथ उनके ही अपराधियों के साथ”
डॉ. मार्कण्डेय ने तीखे शब्दों में कहा —
“प्रदेश में घट रहे अधिकांश अपराधों में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं की संलिप्तता सामने आ चुकी है। कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झाँकना चाहिए कि वह जनता के साथ खड़ी है या अपराधियों के साथ?”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अपराधियों का गठजोड़ अब एक संगठित गिरोह का रूप ले चुका है। बलौदाबाजार हिंसा से लेकर जांजगीर डकैती कांड तक कई मामलों में कांग्रेस नेताओं की भूमिका स्पष्ट दिखाई दी है।
📌 विधायकों पर गंभीर आरोपों की फेहरिस्त
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में विधायकों और पदाधिकारियों पर लगातार गंभीर आरोप लगते रहे हैं —
एक विधायक के घर से हथियार बरामद होना,
एक महिला विधायक द्वारा रेत खनन के अवैध कारोबार में रंगदारी वसूलने के ऑडियो का वायरल होना,
किसानों के लाखों रुपए फर्जी तरीके से अपने और पत्नी के खातों में ट्रांसफर करने का मामला — ये सभी कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र की पोल खोलते हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश में कांग्रेस नेताओं की अपराधों में संलिप्तता के कई मामले सामने आए हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट भी इस बात की पुष्टि करती है कि कांग्रेस के शासनकाल में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
⚠️ दोहरी राजनीति से प्रदेश की सुरक्षा को खतरा
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस नेता एक ओर अपराधियों को संरक्षण देकर जनता में दादागिरी जमाने की कोशिश करते हैं, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सरकार पर हमला बोलकर राजनीतिक लाभ लेने की साजिश रचते हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित रहीं।







