February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मोदी सरकार में घर बनाना और घर चलाना दोनों हुआ सस्ता – अमित चिमनानी

भारत में रहने वाले प्रत्येक परिवार को होगी 40 से 50 हजार की बचत
जीएसटी के बदलावों से आम आदमी की बचत और देश में खपत दोनों बढ़ेगी : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता
GST अब गुड एंड सिंपल टैक्स : अमित चिमनानी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, अर्थशास्त्री एवं महालेखाकार के पूर्व सलाहकार सीए अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी में किए गए हालिया कर-सुधार देश के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा देंगे। इन बदलावों से आम आदमी की जेब में बचत बढ़ेगी, खपत में भारी इजाफा होगा और देश की अर्थव्यवस्था में मजबूती आएगी।

श्री चिमनानी ने गुरुवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफ में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि “मोदी सरकार में घर बनाना और घर चलाना दोनों सस्ता हो गया है। अब गुड एंड सर्विस टैक्स सचमुच गुड एंड सिंपल टैक्स बन गया है।”
घर बनाने और चलाने का खर्च हुआ कम
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि सीमेंट पर टैक्स में 10 प्रतिशत की कटौती से घर बनाने की लागत में सीधा असर पड़ेगा। चूंकि किसी भी घर की कुल लागत का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा सीमेंट पर होता है, इसलिए यह कमी सीधे तौर पर लागत घटाएगी। इसके अलावा टीवी, रेफ्रिजरेटर, एसी और सजावटी वस्तुओं जैसी घरेलू सामग्री पर कर कम होने से घर की लागत 5 से 10 प्रतिशत तक घट सकती है। घर चलाने की रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी कर दरों में कमी आने से परिवार का मासिक बजट हल्का होगा।
टैक्स स्ट्रक्चर हुआ सरल
उन्होंने बताया कि पहले जीएसटी में चार दरें थीं, जिनके चलते कई वस्तुओं पर कर विवाद और लिटिगेशन लंबित रहते थे। अब केवल दो दरें लागू होने से न सिर्फ विवादों में कमी आएगी बल्कि कारोबारियों को भी राहत मिलेगी।
हर प्रदेश में ट्रिब्यूनल से विवाद निपटान होगा आसान
श्री चिमनानी ने कहा कि हर प्रदेश में जीएसटी ट्रिब्यूनल खुलने से व्यापारियों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। पहले अन्य राज्यों में जाकर मुकदमेबाजी करनी पड़ती थी, जिससे अनावश्यक खर्च और समय बर्बाद होता था।
आसान रजिस्ट्रेशन और त्वरित रिफंड
उन्होंने बताया कि अब जीएसटी रजिस्ट्रेशन केवल 3 दिन में मिल जाएगा, जिससे व्यापारियों को तत्काल कारोबार शुरू करने में मदद मिलेगी। वहीं, जीएसटी रिफंड केवल 7 दिनों में मिलने से एक्सपोर्ट सेक्टर को बड़ा लाभ होगा और निर्यात में बूम आएगा।
खपत और रोजगार में बढ़ोतरी
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी सुधारों के बाद देश में लगभग 6 लाख करोड़ रुपए तक की खपत बढ़ेगी, जिससे जीडीपी, रोजगार और आर्थिक विकास में तेजी आएगी।
खेती और घरेलू बजट में राहत
खेती-किसानी के लिए ट्रैक्टर, उसके टायर-पार्ट्स, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और एग्रीकल्चर मशीनों पर जीएसटी घटने से किसानों को राहत मिलेगी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक सामान अब 10 प्रतिशत सस्ते होंगे। जैसे—50 हजार रुपए के सामान पर 5 हजार रुपए की सीधी बचत होगी। इसी प्रकार 12 लाख रुपए मूल्य की सीएनजी कार पर 1.20 लाख रुपए की बचत होगी और 20 हजार रुपए के बीमा प्रीमियम पर करीब 4 हजार रुपए की बचत होगी।
परिवारों को सालाना 40 से 50 हजार रुपए की बचत
श्री चिमनानी ने कहा कि एक औसत परिवार यदि सालभर में 3.50 लाख रुपए का खर्च करता है तो जीएसटी सुधारों से उसे 40 से 50 हजार रुपए की बचत होगी।
प्रेस ब्रीफ के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक भी उपस्थित थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.