कोरबा में पहली बार गूंजेगी विजय शंकर मेहता की अमृतवाणी, 24 से 30 अगस्त तक जश्न रिसोर्ट में श्रीमद्भागवत कथा


कोरबा। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कोरबा इस बार एक विशेष आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। मातनहेलिया परिवार द्वारा पितृमोक्षार्थ गयाश्राद्ध अंतर्गत 24 अगस्त से 30 अगस्त तक राताखार स्थित जश्न रिसोर्ट में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर पहली बार कोरबा में विश्वप्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता एवं जीवन प्रबंधन गुरु पंडित विजय शंकर मेहता (उज्जैन) अपने श्रीमुख से सात दिवसीय कथा का रसपान कराएंगे। कथा का समापन 31 अगस्त को हवन, पूर्णाहुति एवं भव्य भोग भंडारे के साथ होगा।
24 अगस्त को भव्य शोभायात्रा
कथा प्रारंभ होने से पूर्व 24 अगस्त रविवार को सुबह 9:30 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का प्रारंभ श्याम मंदिर मिशन रोड से होगा और यह जश्न रिसोर्ट स्थित कथा स्थल तक पहुंचेगी।
कथा का दैनिक कार्यक्रम
24 अगस्त (रविवार): भागवत महात्म्य, आत्मदेय प्रसंग, महाभारत प्रसंग
25 अगस्त (सोमवार): कपिल गीता, शिव सती चरित्र, भरत चरित्र
26 अगस्त (मंगलवार): जड़भरत कथा, अजामिल प्रसंग, प्रहलाद कथा, नृसिंह अवतार
27 अगस्त (बुधवार): गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव झांकी
28 अगस्त (गुरुवार): श्रीकृष्ण बाललीला, मथुरा गमन, कंस वध, रुक्मिणी विवाह उत्सव
29 अगस्त (शुक्रवार): श्रीकृष्ण की अन्य लीलाएं, राजसूय यज्ञ, सुदामा चरित्र
30 अगस्त (शनिवार): उद्धव गीता, भगवान का स्वधाम गमन, परीक्षित मोक्ष
31 अगस्त (रविवार): हवन, पूर्णाहुति और भोग भंडारा
अपराह्न 3 बजे से कथा का रसपान
प्रत्येक दिन अपराह्न 3 बजे से पंडित विजय शंकर मेहता श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। साथ ही वे कथा प्रसंगों के माध्यम से जीवन प्रबंधन के सरल सूत्र भी बताएंगे।
आयोजकों की अपील
आयोजक राजबीर प्रसाद अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, भगवानदास अग्रवाल, राकेश सिंगला, अनिल अग्रवाल एवं श्रीनिवास अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन कोरबा की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को नई दिशा देगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से 24 से 30 अगस्त तक जश्न रिसोर्ट पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्यलाभ लेने की अपील की है।

