एनई-एनएफ व एसई-एसएफ कॉलोनियों में कचरे का अंबार और जाम नालियां — दो-दो बार शिकायत के बाद भी सीएसईबी प्रबंधन मौन, भाजपा ने चेताया आंदोलन से


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।पथर्रीपारा वार्ड की एनई-एनएफ और एसई-एसएफ कॉलोनियों की तस्वीर आज बदहाल और चिंताजनक हो चुकी है। यहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त पड़ी है। कॉलोनी की गलियों और सड़कों पर जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है, नालियां महीनों से जाम हैं और बरसात का गंदा पानी घरों तक घुसने लगा है। इससे स्थानीय रहवासियों का जीना दुश्वार हो गया है। यही नहीं, कॉलोनी की कई जगहों पर बिजली की लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी हुई हैं, जिसके कारण रात में अंधेरे में आना-जाना मुश्किल हो गया है।

ठेका अधर में — कारपेंटर और प्लम्बर नहीं, मरम्मत कार्य ठप
कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि सीएसईबी प्रबंधन की लापरवाही सिर्फ सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मरम्मत और रख-रखाव का काम भी अधर में लटका हुआ है। कारपेंटर और प्लम्बर का ठेका अब तक न होने से छोटी-छोटी मरम्मत तक ठप हो चुकी है। लोग दरवाजों, पाइपलाइन और अन्य जरूरी कामों को लेकर महीनों से परेशान हैं, लेकिन सुनवाई कहीं नहीं हो रही।

दो-दो बार शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी की इस बदहाली को लेकर वे पहले भी सीएसईबी अधिकारियों को दो-दो बार लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है — “जहां कचरा पड़ा है वहीं जस का तस पड़ा हुआ है, नालियां महीनों से जाम हैं, सफाईकर्मी कभी दिखाई नहीं देते और अधिकारी शिकायत के बाद भी चुप्पी साधे हुए हैं।”
भाजपा ने उठाई आवाज, जताई कड़ी नाराजगी
कॉलोनीवासियों ने अपनी समस्याओं से भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी को भी अवगत कराया। इस संबंध में भाजपा कोसाबादी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर ने सीएसईबी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सीएसईबी प्रबंधन की यह लापरवाही जनता की सेहत और सुविधा पर सीधा प्रहार है। बार-बार शिकायतों के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो यह आम लोगों के साथ अन्याय है। भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है, यदि तत्काल सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।”

जन-स्वास्थ्य पर मंडरा रहा संकट
गंदगी और जाम नालियों से बदबू फैल रही है। जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोग आशंका जता रहे हैं कि इस लापरवाही से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ेगा। नागरिकों ने साफ कहा है कि साफ-सफाई, नाली निकासी, बिजली की सुविधा और बुनियादी रख-रखाव हर नागरिक का हक है। यदि सीएसईबी प्रबंधन ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो स्थिति विकराल रूप ले सकती है।
लोगों की नाराजगी उबाल पर
कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे अब और इंतजार नहीं करेंगे। बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रबंधन की चुप्पी और लापरवाही असहनीय है। लोग अब संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में हैं। भाजपा भी इस मामले में जनता के साथ खड़ी है और चेतावनी दे रही है कि यदि तत्काल सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन का बिगुल फूंका जाएगा।

