May 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नेत्रहीनता के शिकार अवल बंजारे को न्याय दिलाने कलेक्टर से मिले परिजन, लापरवाह सिस्टम पर उठे सवाल

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा****/
(कोरबा) — कलेक्ट्रेट परिसर में आज उस मासूम छात्र अवल बंजारे के परिजन और समाज के जागरूक लोग प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने पहुँचे, जिसकी आँखों की रोशनी स्कूल में हुई एक लापरवाही के चलते चली गई। अवल के पिता अशोक बंजारे सहित सहयोगियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर मेडिकल सहायता और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय जांच अधिकारी घटना स्थल पर पहुँचे, जहाँ आरोपी शिक्षक इंद्राणी पांडे, आरोपी छात्र, उसके माता-पिता, स्कूल के प्रधान पाठक और अन्य शिक्षक उपस्थित थे। जांच अधिकारी ने अवल से जुड़ी घटना को गंभीर माना और स्वीकार किया कि लापरवाही तो हुई है, किंतु उन्होंने दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि इलाज सरकारी प्रक्रिया के अनुसार कराया जाएगा।

अवल के पिता अशोक बंजारे ने कहा, “यदि सरकारी प्रक्रिया दो माह तक चलेगी, तो क्या हम इस दौरान सिर्फ भरोसे पर बैठे रहें? मुझे मजबूरी में मंगलवार को बच्चे को इलाज के लिए चेन्नई ले जाना पड़ रहा है।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि प्रशासन जल्द कोई ठोस कार्यवाही नहीं करता है, तो मैं भूख हड़ताल पर बैठूँगा।” अशोक बंजारे ने सभी वरिष्ठ जनों, संगठनों और समाज के जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस लड़ाई में साथ दें और इस मासूम को न्याय दिलाने में सहयोग करें।

अवल बंजारे एक अत्यंत गरीब परिवार से आता है, इसलिए उसके इलाज व न्याय के लिए सामाजिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में स्कूल प्रशासन, आरोपी शिक्षक व शिक्षा विभाग की निष्क्रियता पर स्थानीय जनों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा में है और प्रशासनिक संवेदनशीलता की मांग कर रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.