मुख्यमंत्री का जमीनी जुड़ाव: जशपुर में बच्चों संग क्रिकेट खेलकर दिया प्रेरणा का संदेश



भैंसामुड़ा में दिखा मानवीय और सहज चेहरा, खेलते-खिलखिलाते बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर, 3 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जशपुर जिले के प्रवास के दौरान ग्राम भैंसामुड़ा में एक अत्यंत आत्मीय और प्रेरणादायक दृश्य सामने आया, जब वे अचानक शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ के परिसर में पहुंच गए। इस दौरान मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों की उमंग और उत्साह ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की खेल भावना से प्रभावित होकर वे बिना किसी औपचारिकता के सीधे मैदान में उतर गए और उनके साथ क्रिकेट खेलने लगे।
मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलते देख बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पूरा परिसर तालियों और हंसी-खुशी से गूंज उठा। मुख्यमंत्री का यह सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार न केवल बच्चों के लिए अविस्मरणीय क्षण बना, बल्कि उपस्थित ग्रामीणों के लिए भी यह गर्व और प्रेरणा का विषय बन गया।
खेल के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और खेलों के प्रति रुचि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या बच्चों को नियमित रूप से खेलने का अवसर मिलता है और किन खेलों में उनकी विशेष रुचि है। इस संवाद के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया।

इस दौरान मैदान में मौजूद खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की और स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों से जुड़े अनुभवों को जाना। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
बच्चों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आवश्यक क्रिकेट किट एवं स्पोर्ट्स ड्रेस शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने हुनर को निखार सकें और भविष्य में आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत के सरपंच श्री रोशन प्रताप सिंह से भी चर्चा कर गांव की विकास स्थिति, चल रहे कार्यों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं में संतुलित प्रगति सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री श्री साय का यह औचक दौरा महज प्रशासनिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके इस आत्मीय और मानवीय व्यवहार ने ग्रामीणों के मन में विश्वास और उत्साह का संचार किया। बच्चों के साथ बिताए गए ये पल इस बात का संदेश देते हैं कि जब नेतृत्व जमीन पर उतरकर लोगों से सीधे जुड़ता है, तो वह न केवल समस्याओं को समझता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा भी पैदा करता है।


