February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको की हरित पहल: प्लास्टिक प्रबंधन के जरिए सर्कुलर इकोनॉमी को मिला नया आयाम

 


अब तक 200 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरे का पर्यावरण अनुकूल निपटान
टाउनशिप में 100 प्रतिशत प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक निपटान
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण और स्वच्छता से दिया हरित संदेश

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बालकोनगर, 6 जून 2025। वेदांता समूह की अग्रणी एल्यूमिनियम उत्पादक इकाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 पर पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी के लिए अपने संकल्प को और मजबूत करते हुए प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी पर आधारित एक सशक्त पहल को आगे बढ़ाया है।

बालको ने अपने टाउनशिप में प्रभावी कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान प्रणाली को लागू किया है, जिससे प्लास्टिक सहित सभी प्रकार के कचरे का जिम्मेदारीपूर्वक और पर्यावरण-अनुकूल निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है। रायपुर स्थित अपशिष्ट प्रबंधन संस्था वेस्टेक इंडिया के सहयोग से, कंपनी दिसंबर 2023 से अब तक 200 मीट्रिक टन से अधिक प्लास्टिक अपशिष्ट का सह-प्रसंस्करण (को-प्रोसेसिंग) द्वारा सुरक्षित निपटान कर चुकी है। यह टाउनशिप में उत्पन्न प्लास्टिक कचरे के 100 प्रतिशत वैज्ञानिक निपटान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस पहल के तहत बालको ने सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर (SLRM) की स्थापना की है। घरेलू स्तर पर उत्पन्न कचरे को 1000 किलोग्राम क्षमता वाले इलेक्ट्रिक वाहनों द्वारा संग्रहित कर SLRM सेंटर तक लाया जाता है, जहां इसे जैविक और अजैविक श्रेणियों में विभाजित किया जाता है। जैविक कचरे को कंपोस्ट में बदला जाता है जबकि प्लास्टिक कचरे को वेस्टेक इंडिया के माध्यम से सीमेंट उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन और कच्चे माल के रूप में भेजा जाता है।

इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बालको द्वारा टाउनशिपवासियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे घर-स्तर पर कचरा पृथक्करण करें और प्लास्टिक के विकल्पों को अपनाएं।

 

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि, “बालको में स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) हमारे सभी कार्यों के केंद्र में है। हम प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने के वैश्विक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए, नवाचार और साझेदारियों के माध्यम से जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारी यह पहल सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूत करती है।”

पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए, बालको ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संयंत्र परिसर और टाउनशिप में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अभियान में 300 से अधिक कर्मचारियों, अधिकारियों और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया तथा 600 से अधिक पौधे रोपे गए। रैली और स्वच्छता कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

 

साथ ही, बालको द्वारा पर्यावरण हितैषी कदमों के तहत प्लांट एवं टाउनशिप में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने हेतु कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। कंपनी द्वारा सभी सीएसआर उत्पादों में पेपर पैकेजिंग का उपयोग, फैब्रिक-आधारित ब्रांडिंग सामग्री का प्रयोग, और प्लास्टिक मुक्त परिसर की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इन पहलों के माध्यम से बालको पर्यावरणीय जिम्मेदारी, संसाधन दक्षता और समुदाय कल्याण को प्राथमिकता देते हुए भारत को सस्टेनेबल और सर्कुलर इकोनॉमी की ओर अग्रसर करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.