कोरबा में बड़ा घोटाला: बिना मरम्मत, ठेकेदारों की हुई चांदी – 6.62 करोड़ की गड़बड़ी उजागर




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले में छात्रावासों और आश्रमों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में भारी अनियमितता का खुलासा हुआ है। जिला कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर कराई गई जांच में यह सामने आया कि ठेकेदारों को बिना किसी कार्य के करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 6 करोड़ 62 लाख 29 हजार रुपये की राशि का दुरुपयोग किया गया है। इसमें से 4 करोड़ 36 लाख रुपये छात्रावासों और आश्रमों की मरम्मत व निर्माण कार्य के लिए आवंटित किए गए थे, लेकिन ठेकेदारों ने न तो निर्माण कार्य किया और न ही मरम्मत, फिर भी उन्हें भुगतान कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने इस घोटाले की विस्तृत जांच के लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक समिति बनाई, जिसने पाया कि ठेकेदारों ने न केवल कार्य करने में लापरवाही बरती, बल्कि आवश्यक निर्माण सामग्री भी नहीं खरीदी थी। अब संबंधित ठेकेदारों को 1 अप्रैल 2025 तक कार्य पूरा करने और अनियमित रूप से ली गई राशि लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि वे राशि जमा नहीं करते हैं, तो उनकी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने स्पष्ट किया कि दोषी ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जिले में विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे।


