कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में 11 मार्च को “श्री श्याम जी का बारस महोत्सव” श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 11 मार्च 2025: फाल्गुन शुक्ल पक्ष बारस के शुभ अवसर पर कोरबा स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में “श्री श्याम जी का बारस महोत्सव” भक्ति और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में भक्तजन श्री श्याम जी की कृपा का आनंद लेंगे और भक्तिमय वातावरण में डूब जाएंगे।
भक्ति, संगीत और श्रद्धा का संगम
इस पावन अवसर पर भगवान श्री श्याम जी का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, जिससे मंदिर परिसर भक्ति की आभा से जगमगा उठेगा। उत्सव की विशेष कड़ी संगीतमय अखंड ज्योत पाठ होगी, जिसे कोलकाता की प्रसिद्ध भजन गायिकाएं श्रीमती डॉली अग्रवाल एवं श्रीमती श्वेता अग्रवाल प्रस्तुत करेंगी। यह भक्तिमय संध्या दोपहर 3:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक चलेगी, जिसमें श्रद्धालु भजनों के मधुर स्वरों में खो जाएंगे।
फूलों की होली और महाप्रसाद का आयोजन
रात्रि 9:00 बजे “धमाल” कार्यक्रम होगा, जिसमें श्री श्याम जी के भक्त फूलों की होली खेलेंगे और आनंदित होंगे। इसके बाद महाआरती, भगवान को 56 भोग का भोग अर्पित किया जाएगा तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिससे भक्त आध्यात्मिक एवं आत्मिक शांति का अनुभव करेंगे।
भक्तों से सहभागिता की अपील
श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने सभी भक्तों से इस दिव्य उत्सव में सपरिवार शामिल होने का अनुरोध किया है, ताकि वे श्री श्याम जी की अपार कृपा एवं भक्तिरस का लाभ प्राप्त कर सकें।



