February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


* 385 करोड़ की मल्टीविलेज स्कीम हो रही तैयार
* बांगो बांध से लगभग 3 लाख आबादी की बुझेगी प्यास
त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा***/  आकांक्षी जिला कोरबा के आकांक्षी ब्लॉक पोंडी-उपरोड़ा सहित कटघोरा एवं पाली के कुल 246 ग्रामो को आगामी वर्ष से जलसंकट की बड़ी समस्या से निजात मिल जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट जल जीवन मिशन के मल्टीविलेज स्कीम के तहत 385 करोड़ 90 लाख की आउट विलेज स्कीम का कार्य शीघ्रता से आगे बढ़ रहा हैं। जुलाई 2025 के पूर्व लगभग 3 लाख की आबादी को बारहों महीने शुद्ध जल की आपूर्ति करने के लक्ष्य के साथ पीएचई की निगरानी में फर्म ने 30 फीसदी से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
“हर घर नल-हर घर जल” के नारों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप केंद्र शासन राज्य शासन के समन्वय से जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन के माध्यम से प्रत्येक घरों में जलापूर्ति की कवायद में जुटी है। आकांक्षी जिला कोरबा में भी सभी 412 ग्राम पंचायतों एवं उसके अधीन आने वाले 720 ग्रामो की बसाहटों के लिए केंद्र प्रवर्तित इस योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। इनमें से कटघोरा, पोंडी-उपरोड़ा एवं पाली ब्लॉक के ऐसे ग्राम जहां जलस्तर काफी नीचे है, आगामी समय में जलस्तर में और व्यापक गिरावट आने के आसार हैं, वहाँ बारहों माह शुद्ध सतत जलापूर्ति करने ग्राम एतमानगर ने मल्टीविलेज स्कीम की स्वीकृति प्रदान की गई है। एतमानगर मल्टीविलेज स्कीम में कुल 246 ग्राम शामिल हैं। इनमें पाली ब्लॉक के 96 ग्राम, पोंडी ब्लॉक के 65 एवं कटघोरा ब्लॉक के 84 ग्राम शामिल हैं। मल्टीविलेज स्कीम में दो चरण इन विलेज, आउट विलेज कार्य किए जा रहे हैं। प्रथम चरण में इन विलेज वर्क है, जहाँ लोकल फर्म ग्राम के अंदर योजना के अंतर्गत पानी टँकी स्थापित कर पाइप लाइन बिछाकर घरेलू रेफ़्रोफिटिंग नलजल कनेक्शन का कार्य पूर्ण कर रही हैं। वहीं आउट विलेज वर्क में सभी ग्रामो की योजनाओं तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना है। यूं कहें योजना की सार्थकता व सफलता आउट विलेज वर्क पर ही टिका हुआ है। इन विलेज वर्क का कार्य 80 फीसदी पूर्ण हो चुका है। आउट विलेज वर्क के तहत सभी ग्रामो की पानी टंकियों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जाना है। राज्य की दूसरी सबसे बड़ी समूह जल प्रदाय योजना के आउट विलेज कार्य की महती जिम्मेदारी विंध्या टेली लिंक्स लिमिटेड नोएडा को आबंटित की गई है। बांगो बांध के जल पर पूरी तरह निर्भर इस योजना के तहत कार्यादेश 27 फरवरी 2024 को जारी किया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष ज़िला जल एवं स्वच्छता समिति के मार्गदर्शन में आउट विलेज का कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है।
पीएचई के अधिकारियों की मानें तो जून 2025 तक कार्य पूरा करने की मियाद तय की गई है।
योजना के अंर्तगत 72,619 घरों को “हर घर नल-हर घर जल” कनेक्शन के तहत जलापूर्ति का लक्ष्य रखा गया है। प्रति परिवार औसतन 4 सदस्य भी ले लें तो 2 लाख 90 हजार 476 सदस्य इससे सीधे लाभांवित होंगे।
मल्टीविलेज स्कीम के आउट विलेज वर्क की कार्ययोजना पर जानकारी देते हुए लोक स्वास्थ्य के कार्यपालन अभियंता अनिल कुमार बच्चन ने बताया कि योजना के तहत बांगो बांध एतमानगर से पानी लिया जाएगा। बांध का पानी 800 मीटर दूर एतमानगर में स्थापित फिल्टर प्लांट में आएगा। जल संग्रह के लिए कुल के 8 एमबीआर (उच्च स्तरीय जलागार) तैयार किए जा रहे हैं। एतमानगर फिल्टर प्लांट से पानी उपचारित होकर रिंगनिया Z MBR में आएगा। यहाँ से 7 अन्य एमबीआर पोटापानी, छिंदपानी, रलिया (मुढाली), काँजीपानी, सगुना, बांझीबन, कटोरीनगोई, रिंगनिया एमबीआर में पाइप लाइन के माध्यम से संबंधित ग्रामो को जलापूर्ति की जाएगी। 8 मे से 7 एमबीआर का द्रुत गति से कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार योजना के तहत कुल 775 किलोमीटर की पाइप लाइन बिछाई जानी है, जिससे सभी एमबीआर को जोड़ा जाएगा। एमबीआर से संबंधित ग्रामो की पानी टँकी तक जलापूर्ति की जाएगी। ईई पीएचई अनिल कुमार बच्चन ने बताया कि फर्म विंध्या टेली लिंक्स लिमिटेड नोएडा तेजी से निर्धारित तकनीकी मापदंडों गुणवत्ता का पालन करते हुए 300 किलोमीटर से अधिक पाइप लाइन बिछा चुकी है। आदित्य बिड़ला ग्रुप की यह नामचीन फर्म प्राथमिकता से यह कार्य तेजी से पूरा कर रही है। खास बात यह है कि इस कार्य मे डीआई पाइप और ओ पीवीसी पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि दीर्घ समयावधि तक पाइप की गुणवत्ता मजबूती बरकरार रहे। जल जीवन मिशन के मल्टीविलेज स्कीम के तहत स्वीकृत कार्य प्राथमिकता से गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। उम्मीद हैं की जून 2025 तक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। योजना के शुरू होने स एक बड़ी आबादी को जल संकट से स्थाई तौर पर निजात मिल जाएगी।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.