कोरबा जाम में फंसी प्रसव पीड़ा से कराह रही गर्भवती महिला डॉक्टर ने कहा, चंद मिनट देरी होती तो हो जाती अनहोनी







कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में कोरबा-कुसमुंडा मार्ग जाम की स्थिति अब लोगों की जान पर बन गई है। भारी वाहन चालकों की मनमानी और जिम्मेदारों की चुप्पी हर दिन आम लोगों की परेशानी का सबब बन रही है। सर्वमंगला चौक से बरमपुर कन्वेयर बेल्ट तक भारी जाम के चलते कुसमुंडा की ओर से आने जाने वाले लोग समय पर अपनी मंजिल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे सभी का काम बिगड़ रहा है। जाम में एक गर्भवती महिला फंस गई।
जानकारी के अनुसार कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर एमडी-87 निवासी दुर्गेश बैरागी अपनी गर्भवती पत्नी मधु बैरागी को प्रसव पीड़ा उठने पर आनन-फानन में एक चारपहिया वाहन से कोरबा एक निजी अस्पताल में लेकर सर्वमंगला मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान बरमपुर से पूर्व वह जाम में फंस गया। तकरीबन 15 से 20 मिनट तक वह जाम में फंसा रहा, परंतु जाम खुल नहीं पाया। इधर उसकी पत्नी प्रसव पीड़ा में तड़प रही थी। इस स्थिति को देखते हुए दुर्गेश ने जैसे-तैसे अपने चारपहिया वाहन को वापस मुड़वाया और छुराकछार से बलगी, दर्री होते हुए कोरबा अस्पताल पंहुचा जहां सुरक्षित प्रसव हुआ और वह एक बच्चे का पिता बन गया।
दुर्गेश ने इस सुखद अनुभूति में जाम का दुखद अनुभव साझा करते हुए बताया कि अगर वह वापस नहीं मुड़ पाता तो सड़क पर ही डिलिवरी हो जाती। परंतु मां और बच्चा सुरक्षित रहते यह कहना मुश्किल था क्योंकि डॉक्टर ने उससे कहा कि अगर 10 मिनट और देरी हो जाती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर आए दिन भारी वाहनों से भारी जाम लग रहा है। वर्तमान में बरमपुर-सर्वमंगला चौक तक लगने वाले भारी जाम से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए बने फोरलेन पर दोनों तरफ भारी वाहन घंटों खड़े रहते हैं, जिससे चारपहिया और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन के लिए रास्ता नहीं मिल रहा है।





