नम आंखों से पंचतत्व में विलीन हुए विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, भेण्ड्रा में दी गई अंतिम विदाई
1 min read
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने भी जताया गहरा शोक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के लिए शनिवार का दिन बेहद भावुक रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से पार्टी में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन और विदाई के लिए प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उमड़े। पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों से क्षेत्रवासियों और पार्टीजनों ने अपने प्रिय जननेता को अंतिम विदाई दी।
स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह विमान से हैदराबाद से रायपुर लाया गया। माना विमानतल पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, गजेन्द्र यादव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सुरेन्द्र पाटनी, अंजय शुक्ला सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम दर्शन किए।
रायपुर से पार्थिव शरीर बालोद जिले ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उनके पार्थिव शरीर को पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया। यहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त किया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से भाजपा परिवार ने अपना एक वरिष्ठ साथी और क्षेत्र ने अपना जनप्रतिनिधि खो दिया है।
