October 31, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

सड़क, नाली, कलवर्ट से लेकर सामुदायिक भवन तक बदलेगी तस्वीर, पंडित रविशंकर शुक्ल नगर, मानिकपुर और दादरखुर्द के नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लंबे समय से लंबित स्थानीय जरूरतों को पूरा करने की दिशा में नगर निगम ने विकास कार्यों को गति दी है। इसी कड़ी में नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर, मानिकपुर एवं दादरखुर्द क्षेत्र में कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये की लागत वाले 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन निर्माण कार्यों में नाली, सीसी सड़क, आरसीसी शेड, कलवर्ट और सामुदायिक भवन का विस्तार शामिल है। कार्य पूरे होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आवागमन, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।

हर वार्ड तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता : लखनलाल देवांगन

भूमिपूजन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर के सभी 67 वार्डों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर सहित कई क्षेत्रों में सड़क, नाली और जल निकासी से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कराया जा रहा है। ट्रिपल इंजन की सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड और हर वर्ग तक पहुंचाना है।

मंत्री ने कहा कि केवल बड़े निर्माण कार्य ही नहीं, बल्कि मोहल्लों और बस्तियों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बेहतर सड़कें, व्यवस्थित नालियां और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर कोरबा को सुविधायुक्त शहर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में 60 से अधिक समाजों की मांग और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसी क्रम में राजपूत क्षत्रिय समाज की मांग पर राम-जानकी मंदिर परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभा भवन के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे सामाजिक आयोजनों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

 

 

सड़क और जल निकासी की समस्याओं से मिलेगी राहत : महापौर

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर में बड़े सड़क प्रकल्पों के साथ-साथ वार्डों की आंतरिक सड़कों, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और प्रयासों से प्रत्येक वार्ड की जरूरतों के अनुरूप निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इनका सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा।

इन क्षेत्रों में होंगे 10 महत्वपूर्ण निर्माण कार्य

स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 26 के एमआईजी क्षेत्र में जायसवाल दुकान के पास से एमआईजी तक नाली निर्माण के लिए 16 लाख रुपये, आरएसएस नगर में शंकर शर्मा के घर से एलआईजी-105 स्थित रवि जायसवाल के घर होते हुए एलआईजी-130 तक नाली निर्माण के लिए 8 लाख रुपये तथा एलआईजी में महेश शुक्ला की लाइन में नाली निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये शामिल हैं।

इसी वार्ड के वाल्मीकि आवास में मकान क्रमांक 32 से 52 तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण पर 6 लाख रुपये, हनुमान मंदिर के पास आरसीसी शेड निर्माण पर 5 लाख रुपये और कृष्णा नगर में आंगनबाड़ी के बगल से रविंद्र सिंह के घर के पास तक नाली निर्माण पर 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

वार्ड क्रमांक 28 के राम-जानकी परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभा भवन के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मानिकपुर के डिपरापारा में आरसीसी नाली एवं कलवर्ट निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, दादरखुर्द में मंगल भवन से गोपेश्वर सिंह के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 25 लाख 50 हजार रुपये तथा पुरानी बस्ती में जीवन पटेल के घर से सवाई अंकल के घर तक सीसी पेविंग एवं नाली निर्माण के लिए 22 लाख 30 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

 

 

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की रही मौजूदगी

भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद अब्दुल रहमान, सुनीता चौहान, नारायण कुर्रे, एमआईसी सदस्य चंद्रकली जायसवाल, राजपूत क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अवधेश सिंह, पार्षद वर्षा दिनेश वैष्णव, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, प्रताप सिंह कंवर, चंद्रमा सिंह राजपूत, भाजपा कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, दिनेश वैष्णव, सुधा झा, एल्डरमैन दीपक यादव, दीनू महाराज, शैली राय, श्रीधर द्विवेदी और दुष्यंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.