बूथ से शक्ति केंद्र तक भाजपा की मजबूत हुई नींव, बांकी मोंगरा मंडल ने संगठन निर्माण में रचा नया कीर्तिमान
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** बांकी मोंगरा। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में बांकी मोंगरा मंडल ने संगठन निर्माण का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल की इस उपलब्धि से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनियुक्त बूथ समितियों एवं शक्ति केंद्रों की कार्यकारिणी से संबंधित संपूर्ण आधिकारिक फाइल भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी को विधिवत सौंप दी गई।

यह संगठनात्मक कार्य जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के निर्देशानुसार जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी अजय दूबे के मार्गदर्शन तथा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा के नेतृत्व में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया। संगठन निर्माण की पूरी प्रक्रिया में मंडल महामंत्री विकेश झा सहित मंडल के विभिन्न पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फाइल सौंपे जाने के अवसर पर जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बांकी मोंगरा मंडल की सक्रियता और कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाए रखने और प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की गतिविधियों से निरंतर जोड़ने पर जोर दिया।
मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि 100 प्रतिशत संगठन निर्माण केवल एक औपचारिक उपलब्धि नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन, आपसी समन्वय और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। बूथ समितियों और शक्ति केंद्रों की सक्रियता से पार्टी की पहुंच आमजन तक और मजबूत होगी तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।
बांकी मोंगरा मंडल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। संगठन निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने पर भाजपा जिला संगठन की ओर से बांकी मोंगरा मंडल की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।







