दर्री जोन में विकास की बड़ी सौगात! ₹1.13 करोड़ से 13 कार्यों की शुरुआत, दो समाजों को मिलेंगे अपने सामुदायिक भवन
मंत्री लखन लाल देवांगन ने सतगढ़ तंवर और सतनामी समाज के भवनों की रखी आधारशिला, वार्डों में मंच, शेड, सड़क व सामुदायिक सुविधाओं के विकास पर भी जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। नगर निगम कोरबा के दर्री जोन में विकास कार्यों को गति देते हुए शुक्रवार को 1 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत वाले 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने विभिन्न वार्डों में होने वाले इन कार्यों की आधारशिला रखी। इन योजनाओं में सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सामुदायिक भवन, मंच, शेड, अहाता और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर लाटा मेन रोड स्थित मेडिकल स्टोर के पास 20 लाख रुपये की लागत से सतगढ़ तंवर समाज के सामुदायिक भवन तथा वार्ड क्रमांक 55 के सुमेधा सतनामीपारा में 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण का भूमिपूजन किया गया। दोनों समाजों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांग के अनुरूप विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन रहे, जबकि महापौर संजू देवी राजपूत ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही।

समाजों की जरूरतों और वार्डों के विकास पर जोर
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि समाजों की मांग के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारकर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गोपालपुर और लाटा में सतगढ़ तंवर समाज तथा सतनामी समाज के लिए विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ नगर निगम के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री ने कहा कि बीते तीन वर्षों में करीब 60 समाजों की मांग के अनुरूप विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डों का सर्वांगीण विकास और समाजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
भूमिपूजन किए गए कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 49 की ओड़िया बस्ती में मंच के सामने 5 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 50 के एचटीपीएस दर्री में 10 लाख रुपये की लागत से बीएमएस कार्यालय का जीर्णोद्धार एवं विस्तार होगा। वार्ड क्रमांक 52 के जनकपुरी में पाइपलाइन शिव मंदिर के पास 5 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 53 के जनकपुरी मोहल्ले में हनुमान मंदिर पाइपलाइन के पास 5 लाख रुपये की लागत से मंच बनाए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक 54 के जमनीपाली में सामुदायिक भवन के पास प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्ष, सांस्कृतिक मंच एवं पेवर ब्लॉक का निर्माण 15 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसी वार्ड के बरेडीमुड़ा स्थित महंत मोहल्ले में कबीर चौक के पास अहाता एवं शेड निर्माण किया जाएगा। जमनीपाली स्थित कबीर आश्रम में 5 लाख रुपये की लागत से शेड बनेगा, जबकि सामुदायिक भवन में 10 लाख रुपये की लागत से किचन शेड, सीढ़ी और अन्य विस्तार कार्य किए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक 55 के सुमेधा सतनामीपारा में 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं बाउंड्रीवॉल का निर्माण होगा। इसी वार्ड के नागिनभाठा सुमेधा में स्वास्थ्य केंद्र के पास 5 लाख रुपये की लागत से मंच बनाया जाएगा। वार्ड क्रमांक 56 के लाटा मेन रोड पर सतगढ़ तंवर समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 58 के श्याम नगर साडा कॉलोनी में जोगी जनरल स्टोर के पास 5 लाख रुपये की लागत से मंच का जीर्णोद्धार होगा। वार्ड क्रमांक 59 के फर्टिलाइजर बरपेड में शिव मंदिर के पास 3 लाख रुपये की लागत से अहाता निर्माण एवं अन्य विस्तार कार्य कराए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रफुल्ल तिवारी, वार्ड पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, अजय चंद्रा, फिरत कुमार साहू, प्रीति दिनेश शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन एवं सरोज शांडिल्य, एल्डरमैन ईश्वर साहू, तुलसी ठाकुर एवं नारायण ठाकुर, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे एवं संजय कुर्मवंशी, राधेश्याम जायसवाल, पुष्पा कंवर, कविता राजपूत, किशोर साहू, राजवर्धन सिंह, पार्षद विनम्र तिवारी, जनक राजपूत, कृष्ण केवट, सोनू सरदार, रतन सिंह कंवर, मनोज वर्मा, प्रीति देवी सिंह, लाल बहादुर सिंह, महेंद्र कुमार सिंह, दिनेश कुमार और दयाल सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
