October 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। जिले में हाल ही में सामने आई दो गंभीर घटनाओं के संदर्भ में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला संयोजक अतुल दास महंत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मासूम भव्या जोशी की मौत के मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की गई।

 

 

ज्ञापन में रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय भव्या जोशी से जुड़ी घटना का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने प्रकरण की शीघ्र सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक न्यायालय में विचार किए जाने तथा दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुरूप कठोर दंड सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

इसके अलावा, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए संगठन ने सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। ज्ञापन में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने तथा आपातकालीन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।

संगठन ने बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा शिकायत एवं सहायता व्यवस्था को सुलभ बनाने का आग्रह किया। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता जताई।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि ज्ञापन का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग के साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। संगठन की ओर से ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.