संगठन की अगली रणनीति पर भाजपा का महामंथन, अजय जम्वाल और पवन साय ने पदाधिकारियों-जनप्रतिनिधियों को दिया ‘एक्शन प्लान’
1 min read



आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश कार्यालय में बैठकों का दौर, प्रदेश से बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने अलग-अलग सत्रों में भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी दिनों में विभिन्न नगरीय निकाय चुनावों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन सहित अनेक संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठकों में इन कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा संगठन की सक्रियता को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया गया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय एवं अमित साहू, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, अंबिकेश केशरी सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।







