August 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में बुधवार को संकुल स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा, आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी तथा 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय ढंग से आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।
बैठक में संकुल सिमगा एवं गडरा अंतर्गत संचालित प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों, व्याख्याताओं, संकुल समन्वयकों, प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। प्राचार्य श्री सिंह ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर विशेष जोर देते हुए सभी शिक्षकों को नियमित अध्यापन, समयबद्ध मासिक मूल्यांकन एवं परीक्षा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में अनुशासन, गुणवत्ता और नवाचार भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा ऑनलाइन शैक्षणिक गतिविधियों को समय पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वीएसके ऐप, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन एवं नाश्ता व्यवस्था, गैस से भोजन निर्माण, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, छात्रवृत्ति, सरस्वती साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना, एमबीयू, आधार बायोमैट्रिक अपडेट, अपार आईडी, किशोरी बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण, वृक्षारोपण अभियान, नशा मुक्ति अभियान, माय भारत युवा कार्यक्रम में विद्यार्थियों का पंजीयन, तंबाकू मुक्त शाला, स्वच्छता अभियान, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा वीर जवानों के लिए रक्षा सूत्र (राखी) प्रेषित करने जैसे विभिन्न विभागीय एजेंडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सभी विद्यालयों को सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा सके।
बैठक के बाद आयोजित संकुल स्तरीय पालक-शिक्षक सम्मेलन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारियों तथा पालकों ने भी भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन, बेहतर परीक्षा परिणाम तथा विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में संकुल समन्वयक, व्याख्याता, प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.