November 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया भूमिपूजन, बालको की सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// बालकोनगर, 4 नवंबर। औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने की दिशा में बालको ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। राताखार में 17 हजार से अधिक लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

भूमिपूजन समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रस्तावित सामुदायिक भवन की रूपरेखा का अवलोकन किया और इसे क्षेत्र के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। यह भवन केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि राताखार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए सामाजिक मेल-मिलाप, सांस्कृतिक आयोजनों, पारिवारिक समारोहों और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे 17 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने की बालको की पहल की सराहना

मंत्री लखन लाल देवांगन ने बालको के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बालको औद्योगिक प्रगति के साथ क्षेत्र के सामाजिक विकास और जनकल्याण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक विकास और सार्वजनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कंपनी की पहल सराहनीय है। राताखार में बनने वाला सामुदायिक भवन स्थानीय निवासियों की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगा। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक समर्पित स्थान उपलब्ध होगा, जिसका लाभ राताखार के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज को जोड़ने और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

समुदाय की मजबूती ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति : राजेश सिंह

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके सशक्त समुदायों में निहित होती है। राताखार में प्रस्तावित सामुदायिक भवन क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सामुदायिक परिसंपत्ति बनेगा। यह उन क्षेत्रों के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने के प्रति बालको की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहां कंपनी कार्यरत है। उन्होंने कहा कि बालको सामुदायिक विकास को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि साझा भविष्य में निवेश के रूप में देखता है। पिछले चार वर्षों में 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण इसी सोच का परिणाम है। कंपनी भविष्य में भी सशक्तिकरण, समावेशन और दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता देते हुए समाज के लिए सार्थक अवसरों का निर्माण करती रहेगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा भवन

प्रस्तावित सामुदायिक भवन में लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें पृथक शौचालय, सुव्यवस्थित रसोईघर, स्टोर रूम और ओपन जिम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। भवन के तैयार होने के बाद क्षेत्रवासी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव एवं सामुदायिक आयोजनों का संचालन सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे।

चार वर्षों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण

बालको क्षेत्र में सामाजिक आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कंपनी ने पिछले चार वर्षों में 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण किया है। इनमें सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क और सामुदायिक शौचालय जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई मजबूती देना है।

राताखार में प्रस्तावित सामुदायिक भवन इसी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। औद्योगिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बालको ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की प्रगति का वास्तविक अर्थ स्थानीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.