गुरु पूर्णिमा पर बिलासपुर में सजेगा आस्था का दिव्य दरबार: पूज्य पं. देवशरण दुबे के सानिध्य में होगा गुरु पूजन, गुरुवाणी और आशीर्वचन का महोत्सव
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा/बिलासपुर भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ स्थान दिया गया है। इसी पावन परंपरा को आत्मसात करते हुए सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति द्वारा 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन छठघाट सामुदायिक भवन, तोरवा पुल के नीचे, बिलासपुर में प्रातः 9 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम शिव महापुराण, श्रीमद्भागवत एवं श्रीराम कथा के मर्मज्ञ परम पूज्य गुरुदेव पंडित देवशरण दुबे जी के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 9 बजे बाल भोग एवं गुरु पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक गुरुवाणी एवं गुरुदीक्षा का दिव्य आयोजन होगा, जिसमें परम पूज्य गुरुदेव अपने प्रेरणादायी आशीर्वचन एवं आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। इसके बाद चरण पादुका पूजन, गुरु पूजन, गुरु मिलन एवं परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। अंत में सामूहिक आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के जिला कोरबा शाखा प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी गुरु भाई-बहनों, सत्संग प्रेमियों एवं धर्मावलंबियों से इस आध्यात्मिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
समिति के अनुसार यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संगम होगा, जहां गुरु के सानिध्य में जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले संदेशों का लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। आयोजकों ने अंचलवासियों से परिवार सहित उपस्थित होकर इस दिव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।


