कोरबा ने छुआ मेडिकल क्षेत्र का नया मुकाम: शिवाय हॉस्पिटल में पहली अत्याधुनिक नी रिप्लेसमेंट सर्जरी सफल, घुटनों के दर्द से मरीज को मिली नई जिंदगी
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा। चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में कोरबा ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक से टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस सफलता के साथ अब कोरबा और आसपास के हजारों मरीजों को घुटनों के जटिल इलाज के लिए रायपुर, हैदराबाद, अहमदाबाद या अन्य महानगरों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं होगी। शहर में ही आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय घुटना प्रत्यारोपण उपचार उपलब्ध हो गया है।
इस ऐतिहासिक सर्जरी का लाभ 70 वर्षीय रामशरण साहू, जो छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी से सेवानिवृत्त हैं, को मिला। लंबे समय से असहनीय घुटनों के दर्द के कारण उनका चलना-फिरना, सीढ़ियां चढ़ना और दैनिक कार्य करना बेहद कठिन हो गया था। आधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन के बाद अब उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और वे बिना असहनीय दर्द के सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
विशेषज्ञ टीम ने रचा सफलता का नया अध्याय
इस जटिल ऑपरेशन को अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक अंजाम दिया। संपूर्ण प्रक्रिया डॉ. दिविक मित्तल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जबकि डॉ. संतोष राठौड़ (एमबीबीएस, एमएस ऑर्थोपेडिक्स) ने अपनी विशेषज्ञता से सर्जरी को सफल बनाया। ऑपरेशन के बाद मरीज के शीघ्र पुनर्वास के लिए डॉ. अमन श्रीवास्तव (बीपीटी, एमपीटी) एवं उनकी फिजियोथेरेपी टीम ने वैज्ञानिक पद्धति से उपचार कर मरीज को तेजी से स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन से लेकर रिकवरी तक हर चरण में मरीज को व्यक्तिगत देखभाल, आधुनिक चिकित्सा प्रोटोकॉल और निरंतर निगरानी उपलब्ध कराई, जिससे उपचार पूरी तरह सफल रहा।
अब अपने शहर में ही मिलेगा विश्वस्तरीय उपचार
शिवाय हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल सर्जरी करना नहीं, बल्कि कोरबा सहित पूरे अंचल के लोगों को महानगरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने शहर में उपलब्ध कराना है। अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक उपकरण, अनुभवी ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और सुव्यवस्थित पोस्ट-ऑपरेटिव फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
किन मरीजों के लिए लाभकारी है टोटल नी रिप्लेसमेंट?
विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय से घुटनों के असहनीय दर्द, ऑस्टियोआर्थराइटिस, घुटनों के अत्यधिक घिस जाने, चलने-फिरने में कठिनाई तथा दवाइयों और अन्य उपचारों से राहत नहीं मिलने की स्थिति में टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) प्रभावी और स्थायी समाधान साबित हो सकता है। समय पर की गई यह सर्जरी मरीज को दर्द से राहत देने के साथ उसकी गतिशीलता, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाती है।
कोरबा की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई उम्मीद
शिवाय हॉस्पिटल में पहली सफल हाईटेक टोटल नी रिप्लेसमेंट सर्जरी केवल एक चिकित्सा उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे कोरबा अंचल के लिए नई उम्मीद और विश्वास का प्रतीक बन गई है। इस सफलता ने साबित कर दिया है कि अब उच्चस्तरीय और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़े शहरों की दूरी तय करना आवश्यक नहीं है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, अत्याधुनिक तकनीक और मरीज-केंद्रित उपचार के साथ कोरबा अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से नई पहचान बना रहा है।


