July 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा से उठेगी नशामुक्त भारत की बुलंद आवाज: 27 जुलाई को युवाओं की प्रतिभा का होगा महाकुंभ, जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन

1 min read

 

 

‘युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर नृत्य, वाद-विवाद, रैप, नुक्कड़ नाटक से लेकर रील और लघु फिल्म तक होगी प्रतियोगिता, विजेता पहुंचेंगे राज्य स्तर पर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखते हुए रचनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देने के उद्देश्य से “माय भारत युवा कार्यक्रम” के अंतर्गत 27 जुलाई को कोरबा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। “युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण” थीम पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम शहर के अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें जिलेभर के स्कूल, महाविद्यालय एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के चयनित छात्र-छात्राएं और युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक संदेश देना है।
माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में 22 से 25 जुलाई तक विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी 27 जुलाई को जिला स्तरीय मुकाबले में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में नृत्य, वाद-विवाद, नारा लेखन, चित्रकला, संगीत, रैप सॉन्ग, नुक्कड़ नाटक, कविता एवं गायन, रील मेकिंग तथा लघु फिल्म निर्माण जैसी आकर्षक विधाओं को शामिल किया गया है। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज में नशामुक्ति का प्रभावी संदेश पहुंचाना है।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जिससे युवा अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच पर प्रदर्शित कर सकेंगे।
इस आयोजन के सफल संचालन की जिम्मेदारी माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह, डॉ. बी.एल. साय, जिला युवा अधिकारी सुश्री ईशा गौतम, डॉ. अर्चना दीवान, डॉ. मधु कंवर, डॉ. किरण बाजपेई, डॉ. वर्षा सिंह तंवर एवं डॉ. सुशीला कुजूर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राध्यापकों को सौंपी गई है।
यह आयोजन न केवल युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देगा, बल्कि “नशामुक्त भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कोरबा के युवा कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना के माध्यम से यह संदेश देंगे कि सशक्त युवा ही नशामुक्त और विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.