July 24, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शुक्लाखार बना स्वच्छता अभियान का मॉडल: राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने किया निरीक्षण, ‘चार डिब्बा-चार तरह का कचरा’ अभियान पर दिया विशेष जोर

1 min read

 

 

ग्रामीणों को स्वच्छता का दिया नया मंत्र, घर-घर कचरा पृथक्करण, स्वच्छता शुल्क और सामुदायिक सहभागिता पर हुआ विशेष मंथन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा। स्वच्छ और कचरा मुक्त गांवों के निर्माण की दिशा में कोरबा जिले का शुक्लाखार ग्राम पंचायत अब नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार को राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की राज्य सलाहकार एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी श्रीमती मोनिका सिंह ने जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत शुक्लाखार का विस्तृत निरीक्षण कर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य सलाहकार ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लिया और ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ गांव का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक परिवार अपने घर से ही कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण शुरू करेगा।
‘चार तरह का कचरा, चार अलग व्यवस्था’ का दिया संदेश
मोनिका सिंह ने स्वच्छग्राहियों और ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए कचरे को सूखा, गीला, सैनिटरी और विशेष देखभाल/ई-कचरा के रूप में अलग-अलग रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्रोत पर कचरा पृथक्करण से न केवल गांव स्वच्छ रहेगा, बल्कि अपशिष्ट प्रबंधन भी अधिक प्रभावी और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा।

 

 

उन्होंने ग्रामीणों से नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क जमा करने और गांव को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।
डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण में लगे स्वच्छग्राही समूहों को नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर पृथक्करण तथा स्वच्छता शुल्क के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब प्रत्येक घर इस व्यवस्था का जिम्मेदारी के साथ पालन करेगा।
सरपंच-सचिव को दिए सख्त निर्देश
राज्य सलाहकार ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए तथा कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डाला जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले समझाइश दी जाए और सुधार नहीं होने पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही ग्रामीणों को सामुदायिक शौचालयों का नियमित उपयोग करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सक्रिय भागीदारी
निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य, कटघोरा विधायक प्रतिनिधि, जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, ब्लॉक समन्वयक, बीपीएम (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना के तकनीकी सहायक, जनपद पंचायत की टीम, सरपंच, पंचगण, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, स्वच्छग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
निरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। शुक्लाखार ग्राम पंचायत में स्वच्छता, जनभागीदारी और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर दिया गया यह संदेश आने वाले समय में अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बनने की उम्मीद जगाता है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.