“नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा भूल गए राहुल गांधी” : नितिन नवीन का तीखा हमला, कहा- विरोध नहीं, अराजकता की राजनीति कर रही कांग्रेस
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया राजनीतिक आचरण को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने राहुल गांधी के व्यवहार को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि आज उनका आचरण पूरी तरह अशोभनीय और निंदनीय रहा है।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसा संवैधानिक और गरिमामय पद लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गंभीरता और जिम्मेदारी की अपेक्षा करता है, लेकिन राहुल गांधी का व्यवहार यह दर्शाता है कि वे इस पद की गरिमा को गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर जिस प्रकार प्रदर्शन और विरोध की राजनीति की गई, वह लोकतांत्रिक विरोध नहीं बल्कि अराजकता फैलाने का प्रयास था।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन जब विरोध मर्यादा और संवैधानिक सीमाओं को लांघने लगे तो वह अराजकता का रूप धारण कर लेता है। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व लगातार राजनीतिक लाभ के लिए टकराव की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं।
नितिन नवीन ने यह भी कहा कि जिन मुद्दों पर राहुल गांधी और विपक्ष चर्चा की मांग कर रहे थे, उन पर संवाद और चर्चा के लिए सरकार तैयार थी। इसके बावजूद विपक्ष का अपने ही मुद्दों से पीछे हटना उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता और अवसरवादी सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और वहां हर विषय पर चर्चा के लिए सरकार हमेशा तैयार रहती है। लेकिन संसद के बाहर अनावश्यक विवाद और टकराव पैदा कर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास देशहित में नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक संवाद में विश्वास रखती है और वह ऐसी राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी जो लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कांग्रेस से जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।


