राहुल-प्रियंका का पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन लोकतांत्रिक विरोध नहीं, सुनियोजित राजनीतिक नौटंकी : अखिलेश सोनी



भाजपा प्रदेश महामंत्री का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले— सड़क से संसद तक अराजकता फैलाना कांग्रेस की पुरानी राजनीति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने और राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की एक सुनियोजित राजनीतिक कवायद है।
अखिलेश सोनी ने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र और संवाद की बात कर रही है, जबकि उसका राजनीतिक इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने और जनभावनाओं को भड़काने से भरा पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में रहती है तो युवाओं की आवाज को अनसुना करती है और विपक्ष में आने के बाद उन्हीं मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। ऐसे समय में कांग्रेस द्वारा छात्रों और युवाओं की भावनाओं को भड़काने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि हर मुद्दे पर राजनीतिक नाटक खड़ा कर सुर्खियां बटोरना रह गया है। देश की जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली मानसिकता को स्वीकार करने वाली नहीं है।
अखिलेश सोनी ने कांग्रेस नेतृत्व को नसीहत देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध का अधिकार है, लेकिन उसे अराजकता और संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और समाधान चाहती है, जबकि कांग्रेस आज भी टकराव और भ्रम की राजनीति में उलझी हुई है।


