भागवत कथा की अमृतधारा में सराबोर हुआ सीतामणी चौक, प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने लिया पूज्य तारेंद्र कृष्ण महाराज का आशीर्वाद
1 min read



छठवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति, ज्ञान और श्रीकृष्ण नाम के जयघोष से गूंजा कथा पंडाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। सीतामणी चौक में कर्ष परिवार के सौजन्य से आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का छठवां दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के अद्भुत संगम का साक्षी बना। कथा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भक्तों ने भाव-विभोर होकर श्रीमद्भागवत कथा का रसपान किया।
परम पूज्य कथावाचक तारेंद्र कृष्ण महाराज ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का विस्तार से वर्णन किया। उनके मुखारविंद से निकले कथा अमृत ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के छठवें दिन प्रेस क्लब कोरबा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह एवं कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव विशेष रूप से कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया तथा आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

पूरे आयोजन के दौरान कथा स्थल भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु कथा श्रवण के साथ-साथ भजन-कीर्तन में भी सहभागी बने। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें भक्ति भाव से नम होती रहीं और पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कथा समापन के पश्चात “जय श्रीकृष्ण”, “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के गगनभेदी जयघोषों से पूरा सीतामणी चौक गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने इसे आत्मिक शांति और आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने वाला अविस्मरणीय आयोजन बताते हुए आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का संकल्प व्यक्त किया।


