जवाली में विकास की नई नींव: 20 लाख की लागत से बनेगा कंवर समाज का सामुदायिक भवन, DMF मद से हुआ भूमि पूजन
1 min read



समाजहित में भूमि दान करने वाले परिवारों की सराहना, जनप्रतिनिधियों ने कहा— ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कटघोरा/जवाली। जिला खनिज न्यास फाउंडेशन (DMF) मद से स्वीकृत विकास कार्यों के तहत ग्राम पंचायत जवाली के मौहार पारा में कंवर समाज के लिए प्रस्तावित 20 लाख रुपये लागत के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में विकास कार्य का शुभारंभ किया गया।

सोमवारी बाजार के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि DMF मद से हो रहे निर्माण कार्य ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि समाजहित में दान की गई। धर्म सिंह कंवर द्वारा 57 डिसमिल तथा हीरा सिंह कंवर द्वारा 53 डिसमिल भूमि दान कर कुल 1 एकड़ 10 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराई गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दानदाताओं के इस योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके सम्मान की घोषणा की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कटघोरा की अध्यक्ष श्रीमती झूल बाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य कमल बेलदार, सूर्यभान सिंह कंवर, पूर्व जनपद अध्यक्ष लता मुकेश कंवर, रूप सिंह विंध्यराज बुंदेली, चंद्रभुवन सिंह, अधिवक्ता चंपाल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे कंवर समाज और पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि भवन के निर्माण के साथ ही परिसर का विकास और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे यह स्थल भविष्य में सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।







