June 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सहकारिता का बुलंद संकल्प: जवाली में लहराया सहकार ध्वज, किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भर गांव का लिया गया संकल्प

 

 

सहकारिता सप्ताह के शुभारंभ पर गरिमामय आयोजन, शासन की योजनाओं को अंतिम किसान तक पहुंचाने का आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। सहकारिता को जन-जन का आंदोलन बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित, जवाली में सोमवार को सहकारिता सप्ताह के प्रथम दिवस पर सहकारिता दिवस एवं केंद्रीय सहकारिता प्रकोष्ठ के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के निर्देश तथा छत्तीसगढ़ शासन के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों, जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसके बाद सहकारिता ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान एवं सहकार गीत का सामूहिक गायन किया गया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और सहकारिता के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित किसानों एवं समिति सदस्यों ने सहकारिता को ग्रामीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में प्राधिकृत अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह कंवर, ग्राम पंचायत सरपंच दिलेश कुमार कंवर, कृषक मित्र हेमलाल पटेल, समिति प्रभारी एवं वरिष्ठ लेखपाल राजकुमारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर लक्ष्मी प्रसाद निषाद, जनक राम कंवर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। किसानों में विश्राम सिंह, विक्की द्विवेदी, मनोज साहू, नीरज (सीएसई सेंटर), अजय साहू (कृषि केंद्र), पुरुषोत्तम साहू, बंटी मोबाइल, डॉ. दिवाकर, रामायण सिंह, शुभम सिंह, विजेंद्र कंवर, सूरज चौहान तथा भाजपा मंडल महामंत्री वीरेंद्र नामदेव विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान समिति प्रभारी राजकुमारी ने सहकारिता प्रकोष्ठ के पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में किसान सहकारी समितियों से जुड़कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सहकारिता की भावना को मजबूत करना, किसानों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर एवं समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है।
इस अवसर पर किसानों के साथ खाद-बीज वितरण व्यवस्था, सहकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पारदर्शी वितरण प्रणाली पर विस्तार से संवाद किया गया। उपस्थित किसानों से अधिक से अधिक पात्र कृषकों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया, ताकि प्रत्येक किसान शासन की योजनाओं का समय पर लाभ प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा मंडल महामंत्री वीरेंद्र नामदेव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि किसानों की आर्थिक उन्नति, सामाजिक एकजुटता और ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में सहकारिता आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाकर हर गांव और हर किसान तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
उत्साह, सहभागिता और जनजागरूकता से परिपूर्ण यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में सहकारिता की नई चेतना जगाने तथा किसानों को संगठित कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.