November 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सांभर में जिंदा इल्ली मिलने से होटल के खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल! कटघोरा के मुरली होटल पर कार्रवाई के बाद भी बड़ा सवाल— आखिर ग्राहकों की थाली में कब तक परोसा जाएगा गंदगी और लापरवाही का खाना?

1 min read

 

 

 

किचन की गंदगी मिलने पर खाद्य विभाग ने होटल को किया सील, सांभर का नमूना जांच के लिए भेजा; शहर के सभी होटल-रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे, नियमित सफाई और खाद्य गुणवत्ता की जांच अनिवार्य करने की उठी मांग।

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कटघोरा/कोरबा। होटल और रेस्टोरेंट में लोग भरोसे के साथ खाना खाने जाते हैं, लेकिन जब ग्राहकों की थाली में भोजन के साथ जिंदा कीड़ा या इल्ली निकलने लगे तो यह महज एक गलती नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना है। कटघोरा के मुख्य मार्ग स्थित मुरली होटल में 13 नवंबर की सुबह डोसा-सांभर खाने पहुंचे ग्राहकों की प्लेट में जिंदा कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। विरोध के बाद होटल कर्मचारियों द्वारा गलती स्वीकार करने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई। विभाग ने सांभर का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा तथा प्रतिष्ठान को सील कर अगले आदेश तक संचालन बंद करने की कार्रवाई की।

सिर्फ होटल सील करना काफी नहीं, व्यवस्था में भी हो सुधार!

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को किस गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है? भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों की सफाई, कच्चे और पके भोजन का रखरखाव, रसोई की स्वच्छता और बचे हुए खाने के सुरक्षित भंडारण की नियमित निगरानी क्यों नहीं होती? कहीं पुराना भोजन गर्म करके तो ग्राहकों को नहीं परोसा जा रहा? यह जांच का विषय है, जिसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

हर होटल के किचन में लगे सीसीटीवी, नियमित हो निगरानी!

शहर और जिले के सभी होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंट में रसोईघर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग उठ रही है। खाद्य विभाग को भी महीने में कम से कम दो से तीन बार नियमित एवं औचक निरीक्षण कर रसोई की सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भोजन के भंडारण और स्वच्छता मानकों की जांच करनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर केवल नोटिस तक सीमित न रहकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!

होटल संचालकों को समझना होगा कि ग्राहक सिर्फ पैसे देकर खाना नहीं खरीदता, बल्कि अपनी सेहत और भरोसा भी उनके हाथों में सौंपता है। एक छोटी सी लापरवाही भी लोगों को गंभीर बीमारी की चपेट में डाल सकती है। इसलिए रसोई की रोजाना सफाई, ताजी सामग्री का उपयोग, भोजन की गुणवत्ता की जांच और कर्मचारियों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

मुरली होटल की घटना प्रशासन और खाद्य विभाग के लिए चेतावनी है कि कार्रवाई केवल एक प्रतिष्ठान तक सीमित न रहे। जिले के सभी होटल-रेस्टोरेंट की रसोई की जांच हो और खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आखिर सवाल सिर्फ एक प्लेट सांभर का नहीं, बल्कि उन हजारों लोगों की सेहत और सुरक्षा का है, जो रोजाना होटलों में भोजन करते हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.