बिरसा मुंडा जयंती पर कांग्रेस की चुप्पी को लेकर सांसद महेश कश्यप का तीखा हमला, बोले—जनजातीय समाज के सम्मान से कांग्रेस का कभी कोई सरोकार नहीं रहा
21 कांग्रेस विधायकों और 27 जिला अध्यक्षों की सूची साझा कर उठाए सवाल, जनजातीय गौरव दिवस पर सोशल मीडिया में शुभकामना संदेश तक साझा नहीं करने को बताया कांग्रेस की मानसिकता का प्रमाण
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव की बातें करने वाली कांग्रेस के नेताओं ने महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी उदासीनता प्रदर्शित की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न तो कभी जनजातीय समाज की वास्तविक चिंता रही है और न ही आदिवासी समाज के महान नायकों के सम्मान से कोई विशेष सरोकार रहा है।
सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस के 21 विधायकों और 27 जिला अध्यक्षों की सूची सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सवाल उठाया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस जैसे ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण अवसर पर कांग्रेस के इन जनप्रतिनिधियों और संगठनात्मक पदाधिकारियों की ओर से सोशल मीडिया पर कोई संदेश साझा नहीं किया गया। उन्होंने इसे आदिवासी नायकों के प्रति सम्मान और जनजातीय समाज के गौरव को लेकर कांग्रेस की गंभीरता पर सवाल खड़ा करने वाला विषय बताया।
श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक ओर जनजातीय समाज और आदिवासियों के नाम पर राजनीतिक बयानबाजी करते हैं, वहीं दूसरी ओर जब धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय अस्मिता के प्रतीक महापुरुष को सम्मान देने का अवसर आता है, तब उनकी चुप्पी सामने आ जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जनजातीय समाज को लेकर निरर्थक और षड्यंत्रपूर्ण नैरेटिव गढ़ने में लगे हुए हैं, जबकि उनका वास्तविक चरित्र ऐसे अवसरों पर उजागर हो जाता है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस के इतिहास पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में जनजातीय समाज को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से अपेक्षित अधिकार एवं सम्मान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने, जनजातीय महापुरुषों के योगदान को सम्मानित करने तथा समाज के सर्वांगीण विकास और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायकों से भी अपेक्षा थी कि वे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय समाज के गौरव और बलिदान को याद करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त करते। लेकिन कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं की चुप्पी ने उनकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर कर दिया है।
सांसद महेश कश्यप ने दो टूक कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के नायक नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, स्वाभिमान, संस्कृति और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के अमर प्रतीक हैं। उनके योगदान को याद करना किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और जनजातीय अस्मिता के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों की भूमिका और उनकी संवेदनशीलता भी जनता के सामने आती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रतिष्ठा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस को इस विषय पर अपनी राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर अपने आचरण से जवाब देना चाहिए।




