November 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

किसानों की मेहनत को मिला खरीदी का मंच, कटघोरा उपार्जन केंद्र में धान की पहली आवक के साथ गूंजा उत्साह; जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया शुभारंभ

1 min read

 

 

 

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी का विधिवत आगाज, नवागांव की किसान दयामति केला ने बेचा पहला धान; किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था पर अधिकारियों ने दिया जोर

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कटघोरा। खेतों में महीनों की मेहनत, पसीने से सींची फसल और बेहतर उपज की उम्मीद लेकर इंतजार कर रहे किसानों के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी का आगाज उत्साह और उम्मीदों के साथ हुआ। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कटघोरा के धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना एवं अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति के बीच धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। खरीदी केंद्र में धान की पहली आवक के साथ ही किसानों के चेहरों पर अपनी उपज के उचित मूल्य को लेकर खुशी और उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, आईएएस अधिकारी एवं जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण तथा नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष पद्मिनी देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

 

 

 

इसके अलावा निगरानी समिति सदस्य जय कंवर, डीआर सर, मति मिंज सर, खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर, जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन, जिला नोडल अधिकारी सुशील जोशी, सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र साहू, ऑडिटर दीपक कंवर, मंडी सचिव नारायण पटेल एवं बैंक सुपरवाइजर मणिशंकर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पहली बोहनी के साथ किसानों के चेहरे पर दिखी खुशी

धान खरीदी के शुभारंभ का सबसे खास क्षण उस समय देखने को मिला, जब ग्राम नवागांव की किसान दयामति केला, पति कुँवर प्रसाद केला ने कटघोरा उपार्जन केंद्र में अपना धान विक्रय किया। अतिथियों ने किसान का स्वागत करते हुए उन्हें खरीफ विपणन वर्ष की धान खरीदी के लिए शुभकामनाएं दीं। पहली किसान की धान बिक्री के साथ ही उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रक्रिया ने गति पकड़ने की शुरुआत की।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पारदर्शिता पर विशेष जोर

शुभारंभ के बाद अधिकारियों ने धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तौल व्यवस्था, खरीदी प्रक्रिया और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी का संचालन पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारु तरीके से किया जाना चाहिए। किसानों की उपज की सही तौल, समयबद्ध खरीदी और केंद्र में बेहतर प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

 

किसानों की सुविधा सर्वोपरि, खरीदी केंद्र में दिखा उत्साह

धान खरीदी केवल फसल बेचने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की सालभर की मेहनत से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में कटघोरा उपार्जन केंद्र में खरीदी की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। समिति प्रबंधन और कर्मचारियों से किसानों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने तथा खरीदी कार्य को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के संपन्न कराने की अपेक्षा जताई गई।

इस अवसर पर समिति प्रबंधक विनोद कुमार भट्ट सहित समिति के कर्मचारी, क्षेत्रीय किसान, जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कटघोरा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ क्षेत्र के किसानों के लिए नई उम्मीदों और आर्थिक खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.