भाजपा के कार्यक्रम पर सवाल उठाने से पहले अपना कुनबा संभाले कांग्रेस, नेतृत्व की लड़ाई में उलझी पार्टी दूसरों पर कर रही बयानबाजी : उज्ज्वल दीपक
नितिन नवीन के धरमजयगढ़ कार्यक्रम में तकनीकी बाधा को लेकर कांग्रेस पर पलटवार, भूपेश बघेल और दीपक बैज के बीच खींचतान का लगाया आरोप; बोले—कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब सार्वजनिक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के धरमजयगढ़ कार्यक्रम में खराब मौसम और तकनीकी कारणों से आई बाधा को लेकर कांग्रेस की बयानबाजी पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज के गौरव, इतिहास और बलिदान को सम्मान देने में जुटी है, वहीं कांग्रेस के नेता वीडियो बनाकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक सुर्खियां बटोरने में लगे हैं।
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि कांग्रेस पहले अपनी अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व की विफलता का जवाब दे। प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर असंतोष और आपसी खींचतान किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने भूपेश बघेल और दीपक बैज के बीच राजनीतिक मतभेदों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व के संकट से जूझ रही है और कार्यकर्ता असमंजस में हैं। उन्होंने दीपक बैज को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों के कार्यक्रमों पर सवाल उठाने के बजाय पहले अपनी पार्टी को एकजुट करें। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को प्रदेश की जनता समझ चुकी है और भाजपा के कार्यक्रमों पर अनर्गल बयानबाजी से उसकी अंदरूनी कलह नहीं छिपने वाली।




