November 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोहरे ने रोकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की राह, लेकिन वर्चुअल संबोधन से धरमजयगढ़ में गूंजा जनजातीय स्वाभिमान का संदेश; बिरसा मुंडा के बलिदान को किया नमन

1 min read

 

 

 

 

151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गिनाईं जनजातीय विकास की उपलब्धियां; धर्मांतरण और सांस्कृतिक पहचान को लेकर समाज को किया जागरूक

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// धरमजयगढ़/रायगढ़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धरमजयगढ़ का दशहरा मैदान रविवार को जनजातीय गौरव, शौर्य, परंपरा और स्वाभिमान के रंग में सराबोर नजर आया। हजारों की मौजूदगी, पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीतों और जनजातीय संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियों के बीच आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह ने आदिवासी समाज के ऐतिहासिक योगदान को नए सिरे से रेखांकित किया। समारोह में एक ओर स्वतंत्रता संग्राम के जनजातीय नायकों के बलिदान को याद किया गया, तो दूसरी ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, वन अधिकार और आर्थिक सशक्तीकरण के माध्यम से समाज के विकास का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौसम की खराबी के कारण रायगढ़ नहीं पहुंच सके। सुबह से छाए घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते उनका विमान चिराईपानी स्थित ओ.पी. जिंदल एयरपोर्ट पर उतर नहीं पाया। हालांकि, उन्होंने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित कर जनजातीय समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर राष्ट्र निर्माण तक जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय है। भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आंदोलन केवल अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का ऐसा ऐतिहासिक उद्घोष था, जिसकी प्रेरणा आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक मिलती रहेगी।

 

 

उलगुलान की विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम हुआ

नितिन नवीन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने अदम्य साहस और बलिदान से इतिहास रचा, लेकिन लंबे समय तक उनके योगदान को वह राष्ट्रीय पहचान नहीं मिली जिसके वे वास्तविक हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर देश ने इन महानायकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अब जनजातीय समाज को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बनाया जा रहा है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु सहित छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। साथ ही धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ वनांचलों तक सड़क, बिजली, पेयजल और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

 

 

 

मुख्यमंत्री साय बोले—अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को सुरक्षित रखें

समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास वीरता, संघर्ष, त्याग और आत्मसम्मान की मिसाल है। भगवान बिरसा मुंडा का ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का उद्घोष आज भी स्वशासन और अधिकारों की चेतना जगाता है। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति से पहले ही जनजातीय वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था।

मुख्यमंत्री ने समाज से अपनी पारंपरिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने धर्मांतरण के प्रयासों और जनजातीय समाज की मूल सांस्कृतिक पहचान को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं और उसकी सांस्कृतिक जड़ें उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं, जिन्हें संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

विकास के आंकड़ों से बताई सरकार की प्राथमिकताएं

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। वहीं पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और 14 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं। पिछले दो वर्षों में 90 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में भी सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 की गई है।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं इस योजना से आर्थिक सहायता प्राप्त कर रही हैं। किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और किसानों को राहत देने के लिए किए गए निर्णयों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बस योजना के माध्यम से बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ गांवों को जिला मुख्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों से जोड़ने में मदद मिली है।

वन अधिकार से लेकर जनजातीय विरासत के संरक्षण तक विशेष पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टों का वितरण किया गया है। वन धन विकास केंद्रों और लघु वनोपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य के माध्यम से जनजातीय परिवारों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय को जनजातीय इतिहास और गौरवशाली विरासत के संरक्षण की महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

 

जनजातीय समाज के प्रमुखों और पद्मश्री विभूतियों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजाति एवं उपजनजाति समाज के प्रमुखों का सम्मान किया। पद्मश्री से सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव (बिरहोर भाई) और पण्डीराम मण्डावी सहित माता राजमोहिनी देवी की पुत्री रामबाई को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत साहू और बूथ अध्यक्ष सूरज मंडल का भी सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री ने बैगा-पुजारी सम्मान निधि और तेंदूपत्ता संग्रहण की लाभांश राशि का बटन दबाकर हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरण किया। इस दौरान जनजातीय समाज के लिए संचालित योजनाओं के लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी, जनजातीय संस्कृति की दिखी भव्य झलक

समारोह में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री लखनलाल देवांगन सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों, सांसदों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनजातीय समुदायों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य, गीत और वाद्ययंत्रों के माध्यम से समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष वर्चुअल उद्बोधन भी प्रसारित किया गया।

धरमजयगढ़ का यह आयोजन केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक सम्मान और विकास की आकांक्षाओं को सामने लाने वाला बड़ा मंच बनकर उभरा। भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए समारोह ने यह संदेश दिया कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत देश की राष्ट्रीय चेतना और इतिहास का अभिन्न हिस्सा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.