अब नहीं बचेंगे खनन माफिया! ड्रोन और थर्मल तकनीक से कोरबा में बड़ा शिकंजा, आसमान से हुई निगरानी, 3 वाहन जब्त



सीतामढ़ी में ड्रोन कैमरे ने खोली अवैध रेत खनन की पोल, जेसीबी और टीपर का पीछा कर दबोचा; रात के अंधेरे में भी थर्मल तकनीक रखेगी पैनी नजर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा, 26 जून 2026। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब पारंपरिक कार्रवाई से आगे बढ़ते हुए हाईटेक रणनीति अपनाई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने ड्रोन एवं थर्मल इमेजिंग तकनीक के सहारे खनन माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सीतामढ़ी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान में ड्रोन कैमरे की मदद से अवैध रेत उत्खनन का खुलासा हुआ और कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी, एक टीपर और एक ट्रैक्टर सहित तीन वाहन जब्त किए गए।
खनिज उड़नदस्ता दल ने हसदेव नदी के ऊपर ड्रोन कैमरे से निगरानी की, जहां नदी के भीतर अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। ड्रोन ने लगातार वाहन की लोकेशन ट्रैक की और उसका पीछा करते हुए इमलीडुग्गू क्षेत्र तक पहुंचाया। इसके बाद जांच दल ने मौके पर दबिश देकर अवैध उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी और अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टीपर को जब्त कर खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा।

इसी अभियान के दौरान राताखार क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर रामपुर थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। एक ही अभियान में तीन वाहनों की जब्ती को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अब आधुनिक तकनीकों का नियमित उपयोग किया जाएगा। विभाग के अनुसार अब रात के अंधेरे का लाभ उठाकर अवैध खनन करना आसान नहीं होगा, क्योंकि थर्मल इमेजिंग तकनीक के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों में रिकॉर्ड हुए डिजिटल साक्ष्य कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाएंगे तथा वाहन छिपाने या मौके से भागने की कोशिश करने वाले भी कानून के शिकंजे से नहीं बच सकेंगे।
सहायक खनि अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि अवैध खनन में शामिल लोगों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में यह सघन अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
खनिज विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और शासकीय राजस्व की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।


