June 24, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘एक विधान, एक निशान’ के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उरगा मंडल ने किया नमन, बलिदान दिवस पर गूंजा राष्ट्रवाद का संदेश

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*बरिडीह/कोरबा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, अखंड भारत के मजबूत समर्थक एवं देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को भारतीय जनता पार्टी उरगा मंडल द्वारा बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न ग्रामों में पुष्पांजलि सभाओं का आयोजन कर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
इसी कड़ी में मंडल स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ग्राम बरिडीह में आयोजित किया गया, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

 

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने अपने उद्बोधन में भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग और बलिदान आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा जिला महामंत्री तथा मंडल प्रभारी अजय विश्वकर्मा ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री थे, जिन्होंने देश को मजबूत औद्योगिक नीति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज देश जिस औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसकी मजबूत नींव रखने वालों में डॉ. मुखर्जी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान, अलग झंडा और अलग व्यवस्था के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष किया था। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिया गया उनका बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री एवं मंडल प्रभारी अजय विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष किशन साव, उपाध्यक्ष हरीश साहू, गोपाल पाण्डेय, श्याम कुर्रे, दाऊराम पटेल, शक्ति केंद्र सह संयोजक नरेंद्र पटेल, बूथ अध्यक्ष टँकेश्वर राव निंबालकर, मनीराम यादव, दूजराम राजवाड़े, देवचरण, सुनीता पटेल, फनेंद्र राजवाड़े, नित्यानंद राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश साहू ने किया, जबकि अंत में दूजराम राजवाड़े ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।

 

 

मोदी सरकार के 12 वर्षों के सुशासन पर भी हुई चर्चा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं समाज प्रमुख बजरंग बघेल तथा फिरतु राम भारद्वाज के निवास पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों की जानकारी दी गई।
भाजपा पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नागरिकों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा उनके प्रति शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.