September 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

योग से स्वस्थ, सजग और सशक्त समाज की ओर बढ़ा बालको : हजारों युवाओं, बच्चों और कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

1 min read

 

 

विश्व योग दिवस पर बालको का व्यापक आयोजन, वेदांता स्किल स्कूलों और नंद घरों में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बालकोनगर, 23 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया। बालकोनगर स्थित मितान भवन सहित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों, प्रशिक्षुओं, बच्चों एवं समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
बालको द्वारा आयोजित मुख्य योगाभ्यास सत्र में कंपनी के कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदार तथा वेदांता स्किल स्कूल के प्रशिक्षु बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और कार्यक्षमता बढ़ाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

 

वेदांता स्किल स्कूलों में युवाओं ने अपनाया फिटनेस का मंत्र
विश्व योग दिवस के अवसर पर बालको द्वारा संचालित तीनों वेदांता स्किल स्कूल केंद्रों—कोरबा, कवर्धा और मैनपाट में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की तैयारी के तहत एक सप्ताह पूर्व से नियमित योगाभ्यास सत्र संचालित किए गए, ताकि प्रशिक्षुओं को योग के लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके।
कोरबा स्थित वेदांता स्किल स्कूल में 140 से अधिक प्रशिक्षुओं ने योगाभ्यास किया, जबकि कवर्धा और मैनपाट केंद्रों में 20-20 से अधिक प्रशिक्षुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षुओं ने योग को तनावमुक्त जीवन और बेहतर व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम बताया।
नंद घरों में बच्चों ने सीखे स्वास्थ्य और अनुशासन के पाठ
बालको की सामाजिक पहल ‘नंद घर’ में भी विश्व योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न नंद घर केंद्रों में आयोजित योग सत्रों में 300 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को सरल योगासन, श्वास अभ्यास और ध्यान की गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि बचपन से योग को जीवन का हिस्सा बनाने से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है तथा उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना विकसित होती है।
देशभर में वेदांता समूह ने चलाया स्वास्थ्य जागरूकता अभियान
विश्व योग दिवस के अवसर पर वेदांता समूह के विभिन्न व्यवसायों—वेदांता लिमिटेड, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, वेदांता कॉपर, वेदांता निकेल, फेकोर, वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता आयरन एंड स्टील तथा वेदांता पावर ने भी अपने-अपने कार्यस्थलों और सामुदायिक केंद्रों में योग एवं वेलनेस कार्यक्रमों का आयोजन किया।
इन गतिविधियों का दायरा केवल औद्योगिक परिसरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वेदांता की प्रमुख सामाजिक पहल ‘नंद घर’ तक भी पहुंचा। वर्तमान में देश के 17 राज्यों में संचालित 13,000 से अधिक नंद घर केंद्र प्रारंभिक बाल शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
इसके अतिरिक्त झारखंड स्थित वेदांता एएएस विद्यालय कैफे, राजस्थान के जिंक कौशल केंद्रों तथा अन्य सामुदायिक संस्थानों में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जहां युवाओं और प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।
सतत विकास और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
बालको की यह पहल केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदाय के समग्र विकास और जनकल्याण के प्रति उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वेदांता स्किल स्कूल जहां युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बना रहे हैं, वहीं नंद घर बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विश्व योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। योग के माध्यम से स्वास्थ्य, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश देकर बालको ने एक बार फिर सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया है।
“योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है — बालको ने विश्व योग दिवस पर दिया सकारात्मक जीवनशैली का संदेश”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.