June 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको की सौगात: जुबली पार्क बनेगा कोरबा का नया आकर्षण, स्वास्थ्य और मनोरंजन का आधुनिक केंद्र

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* बालकोनगर, 22 जून 2026। बालको द्वारा सिविक सेंटर क्षेत्र में विकसित किया गया अत्याधुनिक जुबली पार्क अब कोरबा जिले की पहचान बनने की ओर अग्रसर है। आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक हरियाली और सुव्यवस्थित संरचना से सुसज्जित यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र होगा, बल्कि स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला एक आदर्श सार्वजनिक स्थल भी साबित होगा।
पार्क को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि बच्चे, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक सभी यहां अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का लाभ उठा सकें। बच्चों के लिए सुरक्षित और आधुनिक खेल उपकरण स्थापित किए गए हैं, वहीं युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के लिए ओपन जिम एवं व्यायाम संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा योग और ध्यान के अभ्यास हेतु विशेष योगा जोन तैयार किया गया है, जहां लोग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे।

 

जुबली पार्क की विशेषता इसका आकर्षक वॉकिंग ट्रैक, सुंदर लैंडस्केपिंग, हरियाली से आच्छादित वातावरण तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित आरामदायक बैठक स्थल हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय इसे जिले के सबसे व्यवस्थित और आकर्षक उद्यानों की श्रेणी में खड़ा करता है।
वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल ने पार्क का अवलोकन करते हुए कहा कि बालको ने क्षेत्रवासियों को एक ऐसी अनमोल सौगात दी है, जो आने वाले वर्षों तक लोगों के स्वास्थ्य और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्क में विकसित की गई सुविधाएं सभी आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं, जिससे यह स्थल परिवारों के लिए आदर्श गंतव्य बन गया है।
उन्होंने बताया कि बालको लगातार अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में जनहितकारी विकास कार्यों को गति दे रहा है। सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण, आंबेडकर स्टेडियम के आधुनिकीकरण, नेहरू पार्क के विकास सहित अनेक परियोजनाओं के माध्यम से कंपनी क्षेत्र के आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
पार्षद अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में बालको ने केवल औद्योगिक विकास ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी है। उन्होंने जुबली पार्क जैसी जनहितैषी पहल के लिए बालको प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
जुबली पार्क को केवल एक उद्यान तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे सामाजिक संवाद, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। भविष्य में यहां योग शिविर, फिटनेस कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे लोगों के बीच आपसी जुड़ाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि बालको की यह पहल बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पार्क आने वाले समय में कोरबा जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा और स्वास्थ्य, मनोरंजन तथा सामुदायिक सहभागिता का आदर्श केंद्र बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.