August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पाड़ीमार वार्ड की बदलेगी तस्वीर: 25 लाख की लागत से सड़क निर्माण शुरू, विकास को मिली नई रफ्तार

1 min read

 

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया भूमिपूजन, कहा— कोरबा में विकास कार्यों का स्वर्णिम दौर जारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बालको जोन के वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार में 25 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विधिवत पूजा-अर्चना, भूमिपूजन एवं नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ कराया।

 

 

यह सड़क निर्माण कार्य राजेश ठाकुर के निवास से बरगद चौक होते हुए इंदिरा मार्केट मुख्य मार्ग तक किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से सड़क उन्नयन की मांग कर रहे स्थानीय लोगों ने कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अनेक कार्य पूर्ण हो चुके हैं, कई कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और शेष कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें कई सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। जैसे-जैसे आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता होगी, अन्य कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सतत प्रयासों से कोरबा शहर के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
महापौर ने कहा कि कोरबा की जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को बनाए रखते हुए शहर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा शहर की आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, सत्येन्द्र दुबे, रजत खुंटे, मंगलराम बंदे, चेतन सिंह मैत्री, चंदा देवी रत्नाकर, तरुण राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलेन्द्र यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, जय कुमार राठौर, प्रीति स्वर्णकार, रेणु प्रसाद, दीपक चन्द्रा, लखन चन्द्रा, हेमलता निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पाड़ीमार क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.