डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के विचारों को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा, 14 दिनों तक चलेगा प्रदेशव्यापी ‘स्मरण पखवाड़ा’



बलिदान दिवस से जयंती तक सेवा, संगठन और राष्ट्रचेतना के कार्यक्रमों की श्रृंखला; बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक होंगे विशेष आयोजन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और भारत की अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की स्मृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 23 जून से 6 जुलाई तक पूरे प्रदेश में ‘स्मरण पखवाड़ा’ मनाएगी। यह विशेष अभियान उनके बलिदान दिवस से प्रारंभ होकर जयंती तक चलेगा, जिसमें संगठनात्मक, सामाजिक, बौद्धिक और सेवा गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी नंदन जैन ने बताया कि इस वर्ष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष मनाई जा रही है। इस अवसर पर आयोजित स्मरण पखवाड़ा केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा के उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का एक व्यापक अभियान बनेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष और बलिदान देश के इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को मूर्त रूप दिया गया, जो आधुनिक भारत के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
स्मरण पखवाड़े के दौरान प्रदेश के सभी बूथों पर 23 जून और 6 जुलाई को विशेष पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में बूथ समिति के सदस्य, प्राथमिक सदस्य, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होकर डॉ. मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करेंगे। साथ ही उनके विचारों पर परिचर्चा और वैचारिक गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा द्वारा प्रत्येक जिले में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां वक्ता डॉ. मुखर्जी के राजनीतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। इसके साथ ही युवाओं को उनके जीवन से जोड़ने के लिए प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों के आसपास छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा की सक्रिय भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न नगरों और शहरों में किसी प्रमुख मार्ग, उद्यान या चौराहे का नामकरण डॉ. मुखर्जी के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी। कई स्थानों पर उनके चित्र अथवा प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए भाजपा द्वारा प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। संगठनात्मक दृष्टि से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर विशेष टोलियों का गठन किया गया है, जो पूरे अभियान की निगरानी और संचालन करेंगी।
भाजपा का मानना है कि यह स्मरण पखवाड़ा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना, संगठन की शक्ति और जनसेवा के संस्कारों को मजबूत करने का अभियान बनेगा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के आदर्शों, संघर्षों और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराया जाएगा।
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करने का प्रयास करेंगे।


