August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

रावघाट रेल सेवा बनी बस्तर की नई जीवनरेखा, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बताया विकास का ऐतिहासिक मील का पत्थर

1 min read

 

पहली रेल यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बोले— वर्षों का इंतजार हुआ पूरा, अब बस्तर दौड़ेगा विकास की नई पटरी पर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। बस्तर अंचल के विकास को नई दिशा देने वाली दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना अब धरातल पर आकार ले चुकी है। रावघाट से रेल परिवहन शुरू होने के बाद पहली बार इस मार्ग से यात्रा कर लौटे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने इसे बस्तर के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि और विकास के नए युग का शुभारंभ बताया है।
रावघाट से राजधानी रायपुर लौटने के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए श्री जैन ने कहा कि यह केवल रेल सेवा का शुभारंभ नहीं, बल्कि बस्तर की आकांक्षाओं, संघर्षों और लंबे इंतजार की जीत है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस रेल संपर्क की मांग की जा रही थी, वह आज साकार हो चुकी है और इसका लाभ आने वाले समय में पूरे बस्तर संभाग को मिलेगा।
यशवंत जैन ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना उन हजारों परिवारों के सपनों को साकार करने जैसा है, जो दशकों से बेहतर परिवहन सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस रेलमार्ग के शुरू होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि रावघाट क्षेत्र खनिज संपदा से समृद्ध है और इस रेल परियोजना के माध्यम से लौह अयस्क के परिवहन को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही भविष्य में यात्री रेल सेवाओं के विस्तार से आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए द्वार खुलेंगे। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रदेश की भाजपा सरकार की विकासोन्मुख सोच को दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के साहस और प्रशासनिक इच्छाशक्ति के कारण ही नक्सल प्रभावित और अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में यह महत्वाकांक्षी परियोजना सफल हो सकी है।
उन्होंने कहा कि यह रेलमार्ग केवल पटरियों का नेटवर्क नहीं, बल्कि बस्तर को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से देश की मुख्यधारा से जोड़ने वाला मजबूत सेतु है। आने वाले वर्षों में यह परियोजना बस्तर के विकास की रीढ़ साबित होगी और क्षेत्र की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री जैन ने विश्वास जताया कि रावघाट रेल परियोजना बस्तर के विकास, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक विस्तार के लिए नए अवसर लेकर आएगी तथा यह क्षेत्र आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.