रामसागर पारा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: 7 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*कोरबा। रामसागर पारा में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष और युवक रवि यादव की मौत के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रवि यादव पर लाठियों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य आरोपी, उसके पुत्र तथा अन्य सहयोगियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं, जबकि एक आरोपी की उम्र की पुष्टि के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली, सिविल लाइन, सीएसईबी और मानिकपुर चौकी की पुलिस टीमों ने मोर्चा संभाला। प्रभावित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि हत्या के इस मामले में 7 आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।


